एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर लॉरेंस गैंग का हमला; बरेली में अंधाधुंध गोलियां चलाईं, प्रेमानंद महाराज पर टिप्पणी न करने की वार्निंग दी

Bollywood Actress Disha Patni Bareilly House Firing Lawrence Bishnoi   Gang

Bollywood Actress Disha Patni Bareilly House Firing Lawrence Bishnoi Gang

Disha Patni House Firing: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी (Bollywood Actress Disha Patani) के बरेली स्थित घर पर हमला हुआ है। बाइक पर आए 2 अज्ञात बदमाशों ने आधी रात अंधाधुंध गोलीबारी की और फरार हो गए। हालांकि, गनीमत यह है कि इस गोलीबारी में दिशा के घर पर किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन परिवार के लोग इस हमले के बाद से बेहद दहशत में हैं। वहीं इस घटना से इलाके में भी हड़कंप मचा हुआ है।

दिशा पाटनी के घर पर पुलिस जवानों की तैनाती

इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने छानबीन की है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि, FIR दर्ज कर कार्रवाई के लिए SP सिटी और SP क्राइम के नेतृत्व में 5 टीमें गठित की गई हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी का घर होने के चलते और इस हमले की ज़िम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ ग्रुप द्वारा लिए जाने के चलते यह घटना और हाईप्रोफाइल हो गई है। दिशा के घर के बाहर सुरक्षा के लिए हथियारबंद पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं

बताया जाता है कि, रात में जिस वक्त एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर हमला हुआ। उस दौरान घर में दिशा के माता-पिता और बहन की मौजूदगी थी। सब लोग सो रहे थे. लेकिन अचानक गोलियां चलने की आवाज से जब वो उठे तो देखा कि बदमाश उनके घर पर ही गोलीबारी कर रहे हैं। जिसके बाद घर में सब लोग सहम गए। दिशा के सेवानिवृत्त CO पिता जगदीश पाटनी ने बताया कि, इस तरह गोलियां चल रहीं थीं जैसे वेल्डिंग मशीन चल रही हो। बदमाश गोलियां चला तुरंत ही फरार हो गए।

जगदीश पाटनी का कहना है कि मुझे लगता है कि 8-10 राउंड गोलियां चलीं हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। बरेली पुलिस SSP, ADG सभी इस पर काम कर रहे हैं। बदमाश CCTV कैमरे में कैद हुए हैं। सभी फूटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं जगदीश पाटनी ने कहा कि, मुझे जानकारी मिली है कि सोशल मीडिया के ज़रिए गोल्डी बराड़ ग्रुप ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जांच और छानबीन कर रही है।

लॉरेंस गैंग ने ली है हमले की जिम्मेदारी

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ ग्रुप हमले की ज़िम्मेदारी ली गई है और दावा किया है कि प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य पर दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी की अपमानजनक टिप्पणी से नाराज होकर गोलीबारी की घटना की गई है। साथ ही यह वार्निंग भी दी गई है कि आगे फिर कभी दिशा पाटनी के परिवार की तरफ से या किसी और की ओर से भी सनातन धर्म, देवी-देवताओ और साधू-संतों का अपमान न किया जाये। वरना किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।

पोस्ट में क्या लिखा गया?

रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ के नाम से जारी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, ''भाईयों आज ये जो खुशबू पटानी/दिशा पटानी (बॉलीवुड एक्ट्रेस) के घर पर (विला नम्बर 40, सिविल लाइन्स बरेली, यू.पी.) में फायरिंग हुई है, ये हमने करवायी है। इसने हमारे पूज्य संत (प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज) का अपमान किया था। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। हमारे आराध्य देवी देवताओ का अपमान नही सहा जायेगा। ये तो महज एक ट्रेलर था। अगली बार फिर से इसने या किसी और ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई तो उनके घर मे से किसी को जिंदा नहीं छोंडेगे।''

पोस्ट में आगे कहा गया, ''ये संदेश सिर्फ इसके लिए ही नही है बल्कि जितने भी फिल्म जगत के कलाकार और उनसे जुड़े लोग है, उन सभी के लिए हैं। जिस किसी ने भी हमारे धर्म और संतो सम्बन्धी ऐसी कोई भविष्य में अपमानजनक हरकत की तो तैयार रहना उसके परिणाम भुगतने के लिए। हमें हमारे धर्म की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाना पड़े, उसके लिए हम तैयार हैं। हम कभी भी पीछे नहीं हटेंगे। हमारे लिए धर्म और सर्व समाज हमेशा एक हैं, उनकी रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य हैं।''

Bollywood Actress Disha Patni Bareilly House Firing Lawrence Bishnoi   Gang

क्या कहा था खुशबू पाटनी ने?

एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बड़ी बहन खुशबू पाटनी भारतीय सेना की पूर्व अधिकारी हैं। उन्होंने हाल ही में लड़कियों को लेकर अनिरुद्धाचार्य महाराज द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई थी और कड़े शब्दों में बहुत कुछ कहा था। इस बीच उनके बयान को संत प्रेमानंद महाराज के बयान से भी जोड़ा गया और सोशल मीडिया पर उन्हें इसके लिए खूब ट्रोल किया गया। जबकि खुशबू पाटनी ने बात-बार यह कहा था कि वह प्रमानंद महाराज को लेकर कुछ नहीं कह रहीं हैं. लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने उनके घर पर फायरिंग कर दी।

बता दें कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। उसे यहां अन्य जेलों में गैंगवार की आशंका के चलते रखा गया है। वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग को इस समय यूएस और कनाडा में छिपकर गोल्डी बराड़ रन कर रहा है। वहीं गैंगस्टर रोहित गोदारा भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा माना जाता है और फिलहाल विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है। गैंस्टर रोहित गोदारा (Gangster Rohit Godara) राजस्थान के बीकानेर के लूणकरण का रहने वाला है। उस पर गंभीर अपराध के कई मामले दर्ज हैं।