कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में छात्रा ने की आत्महत्या: बीएससी फर्स्ट ईयर की 19 साल की छात्रा ने हॉस्टल में लगाया फंदा
- By Gaurav --
- Saturday, 13 Sep, 2025
Student commits suicide in Kurukshetra University:
Kurukshetra University Kurukshetra: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक दुखद घटना सामने आई है। बीएससी प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा शगुन ने हॉस्टल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शगुन जींद के गांव छातर की रहने वाली थी और विश्वविद्यालय के लक्ष्मी बाई हॉस्टल के कमरा नंबर 17 में रहती थी।
घटना शनिवार की है। सुबह करीब 11 बजे शगुन अपनी सहेलियों के साथ लाइब्रेरी जाने निकली थी। लाइब्रेरी पहुंचने के बाद उसने सहेलियों से कहा कि वह कमरे से कुछ सामान लेने जा रही है। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो उसकी सहेलियां कमरे पर गईं। वहां उन्होंने शगुन को फंदे पर लटका हुआ देखा।
सहेलियों की चीख-पुकार सुनकर हॉस्टल वार्डन मौके पर पहुंची। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। छात्रा को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से बच रहे हैं।