Suspicious death of youth in Bhiwani, family members accused of murder

भिवानी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Bhiwani-Crime

Suspicious death of youth in Bhiwani, family members accused of murder

भिवानी। हरियाणा के भिवानी में शुक्रवार रात एक व्यक्ति गौरव की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। रात को पत्नी से उसका झगड़ा हुआ था। सुबह पत्नी जागी तो वह कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने उसकी हत्या की है। पुलिस छानबीन में लगी है।

जानकारी के अनुसार गांव मानहेरू निवासी गौरव (32) काफी समय से पत्नी और बच्चों के साथ भिवानी शहर के कोंट रोड पर रह रहा था। शादी के बाद उनके दो बेटे हैं। बताते हैं कि किसी बात को लेकर उसका रात को अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह कमरे के अंदर और उसकी पत्नी बाहर बरामदे में सो गई। अल सुबह ढ़ाई तीन बजे के लगभग उसकी पत्नी कमरे में गई तो गौरव फंदे पर लटका मिला। उसके शरीर में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी।

गौरव के फंदा लगाने की सूचना रात को ही गांव मानहेरू में उसके परिजनों को दी गई। भाई राजेश अपने परिजनों व पुलिस के साथ बाद में मौके पर पहुंचे और शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि गौरव की मौत साधारण नहीं है बल्कि पत्नी ने उसकी हत्या की है। परिजन पत्नी के खिलाफ कार्रवाई के लिए अड़े हुए हैं। इसको लेकर मृतक के भाई राजेश ने पुलिस को पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है।

डॉक्टरों के बोर्ड से कराया जाएगा पोस्टमार्टम

मृतक के भाई राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गौरव की हत्या की गई है। उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। दूसरी तरफ मृतक की पत्नी का दावा है कि गौरव ने फंदा लगाकर सुसाइड किया है। फिलहाल पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।

बताते हैं कि गौरव की पत्नी कुछ महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी। कहा गया कि वह किसी और युवक के साथ रहने लगी है। करीब डेढ़ महीने तक वह घर से बाहर रही। इसके बाद फिर से गौरव के पास लौट आई। इसको लेकर पति-पत्नी में आमतौर पर झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार की रात को भी दोनों में झगड़ा हुआ और इसके बाद अलग अलग सोए थे। सुबह गौरव का शव फंदे से लटका मिला।