एचवीपीएनएल ने 1,987 संविदा कर्मचारियों के सत्यापन का शेड्यूल जारी किया
HVPNL Releases Verification Schedule
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) ने 1,987 संविदा कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उनके सत्यापन का शेड्यूल जारी कर दिया है। निगम ने सभी डिवीजनों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) को निर्देश दिए हैं कि पात्र कर्मचारियों की पूरी सेवा फाइल निर्धारित तिथि पर सत्यापन के लिए प्रस्तुत की जाए।
एचवीपीएनएल के पंचकूला स्थित मुख्यालय से अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सेवा अभिलेखों की जांच पूरी होने के बाद कर्मचारियों का विवरण वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिसके बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को अंबाला और धूलकोट, 16 व 17 जुलाई को यमुनानगर, करनाल और कैथल, 20 जुलाई को कुरुक्षेत्र और रोहतक, 21 जुलाई को पानीपत, 22 जुलाई को हिसार, भिवानी, सिरसा और जींद, 23 जुलाई को गुरुग्राम, 24 जुलाई को रेवाड़ी और मानेसर तथा 27 जुलाई को फरीदाबाद और पलवल डिवीजनों के संविदा कर्मचारियों का सत्यापन किया जाएगा।
एचवीपीएनएल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय पर उपलब्ध कराए जाएं ताकि सत्यापन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।