IPS Aditi Singh ने पंचकूला DCP का कार्यभार संभाला; विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो से यहां ट्रांसफर, UP से ताल्लुक

IPS अदिति सिंह ने पंचकूला DCP का कार्यभार संभाला; विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो से यहां ट्रांसफर, UP से है खास ताल्लुक

Panchkula New DCP Aditi Singh Takes Charge

Panchkula New DCP Aditi Singh Takes Charge Today Replaced Srishti Gupta

Panchkula New DCP Aditi Singh: 2021 बैच की आईपीएस अफसर अदिति सिंह ने मंगलवार (14 जुलाई) को पंचकूला पुलिस उपायुक्त (DCP) का कार्यभार औपचारिक रूप से संभाल लिया. 10 जुलाई को हरियाणा सरकार ने आदेश जारी करते हुए अदिति सिंह का तबादला बतौर डीसीपी पंचकूला किया था. पूर्व DCP सृष्टि गुप्ता की जगह अदिति सिंह को पंचकूला का नया डीसीपी बनाया गया है. सृष्टि गुप्ता ने एक दिन पहले ही डीसीपी पद छोड़ते हुए पंचकूला पुलिस से विदाई ली थी और इस दौरान पंचकूला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भावुक नजर आये थे. सृष्टि गुप्ता को विदा करते हुए उन पर फूल बरसाए गए और उनके कार्यकाल को याद किया गया.

 Panchkula New DCP Aditi Singh

पुलिस टुकड़ी द्वारा अदिति सिंह को दी गई सलामी

नवनियुक्त डीसीपी अदिति सिंह ने पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित जिला सचिवालय में पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया. इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया तथा पुलिस की टुकड़ी द्वारा उन्हें सलामी दी गई. वहीं कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कार्यालय में तैनात एसीपी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

कार्यभार संभालने के साथ ही पंचकूला की नई DCP अदिति सिंह ने स्पष्ट किया कि पंचकूला में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा तथा आमजन के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भरोसेमंद माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान उनकी कार्यशैली का प्रमुख आधार रहेगा.

प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और मदद का भरोसा

डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि पंचकूला में अपराधों पर प्रभावी अंकुश, कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना और जनहितैषी पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और सहायता मिल सके.

 Panchkula New DCP Aditi Singh

कोई समस्या तो सीधा आकर मिलें

DCP अदिति सिंह ने यह भी कहा है कि अगर पंचकूला जनवासियों को पुलिस से सम्बंधित किसी तरह की समस्या या शिकायत है तो वे सीधा आकर मुलाकात कर सकते हैं. उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की शिकायत, समस्या अथवा सुझाव हो तो वह बिना किसी संकोच के पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर सीधे उनसे संपर्क कर सकता है. हर नागरिक की शिकायत पर तुरंत संज्ञान  होगा और प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो से पंचकूला ट्रांसफर

हरियाणा कैडर 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की निवासी हैं. पंचकूला DCP बनाये जाने से पहले वह स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो, गुरुग्राम रेंज में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर अपनी सेवा दे रही थीं. अदिति सिंह की गिनती कुशल और क्षमतावान अफसरों में होती है. अब जब उन्होंने पंचकूला पुलिस की कमान संभाली है तो उनसे प्रभावी नेतृत्व, जनकेंद्रित पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. देखना होगा कि बतौर DCP अदिति सिंह पंचकूला को कैसे अपराध और नशा मुक्त बनाती हैं. साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करती हैं.