नितिन गडकरी बोले- मैं हवा में उड़ने वाली बस लाने वाला हूं; अभी एथेनॉल पेट्रोल को लेकर घिरे पड़े, बोले- सवाल पेट्रोलियम मंत्री से पूछो
Union Minister Nitin Gadkari Flying Buses Statement Video Viral
Nitin Gadkari Flying Buses: इन दिनों एथेनॉल पेट्रोल (E20) को लेकर घिरे हुए नजर आ रहे केंद्रीय सड़क-परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का एक नया बयान सामने आया है और बेहद चर्चा में है. नितिन गडकरी ने ऐलान किया है कि वे अब हवा में उड़ने वाली बस लाने वाले हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह नई-नई टेक्नोलॉजी ला रहे हैं. पानी में उतरने वाला हवाई जहाज भी वही लाये थे और समुद्र में उतरे थे.
दरअसल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह बयान लखनऊ में दिया. जहां वे 4,850 करोड़ से अधिक लागत की 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. मंच से सभा को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, ''मैं रोपवे, केबल कार... जैसी नई-नई टेक्नोलॉजी लाया हूं. अब मैं हवा में उड़ने वाली बस भी लाने वाला हूं, पानी में उतरने वाला हवाई जहाज भी मैं लाया था और मैं समुद्र में उतरा था. वहीं गडकरी ने आगे कहा कि मैं ऐसा काम कर रहा हूं कि आप एक कोने से दूसरे कोने पर कब पहुंच गए, आपको पता नहीं चलेगा.''
वीडियो
एथेनॉल पेट्रोल को लेकर गडकरी घेरे में
एथेनॉल पेट्रोल (E20) को लेकर नितिन गडकरी ने जिस तरह के बयान दिए. उन बयानों के बाद अब लोग उन्हें घेर रहे हैं. इसके बाद एक इंटरव्यू के दौरान गडकरी ने यह कह दिया कि इस बारे में सवाल पेट्रोलियम मंत्री से पूछो. फिलहाल एथेनॉल पेट्रोल पर बहस छिड़ चुकी है. लोग एथेनॉल के मिश्रण वाले पेट्रोल से गाड़ियों के खराब होने की शिकायत करते हुए देखे जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर अब तक कई लोग एथेनॉल पेट्रोल से उनकी गाड़ी के इंजन में खराबी आने और माइलेज गिरने का दावा कर चुके हैं. लेकिन दूसरी तरफ एथेनॉल पेट्रोल को लेकर सरकार का रुख अलग देखा जा रहा है. सरकार 'एथेनॉल पेट्रोल' को बढ़ावा देने में लगी हुई है.