हरियाणा में 1107 निजी स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई, नए दाखिलों पर तत्काल रोक
Haryana Blocks 1,107 Private
हरियाणा सरकार ने निजी स्कूलों में नियमों की अनदेखी और बिना वैध मान्यता के संचालन पर सख्त कार्रवाई करते हुए राज्यभर के 1,107 निजी स्कूलों को मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (MIS) पोर्टल पर ब्लॉक कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में नए विद्यार्थियों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई उन निजी स्कूलों के खिलाफ की गई है जिन्होंने मान्यता संबंधी नियमों का पालन नहीं किया या निर्धारित मानकों को पूरा नहीं किया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले चरण में इन स्कूलों का भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) कराया जाएगा। यदि जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने या उन्हें बंद करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
विभाग का कहना है कि यह अभियान निजी स्कूलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
तीन श्रेणियों के स्कूल कार्रवाई के दायरे में
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,107 स्कूलों पर अलग-अलग कारणों से कार्रवाई की गई है। इनमें 693 स्कूल ऐसे हैं जिनकी मान्यता अंतिम रूप से स्वीकृत नहीं हो सकी। 269 स्कूलों के आवेदन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों द्वारा खारिज कर दिए गए, जबकि 145 स्कूल ऐसे पाए गए जिन्हें अस्थायी मान्यता विस्तार नहीं मिला, फिर भी वे संचालित हो रहे थे। इन सभी स्कूलों को MIS पोर्टल पर ब्लॉक कर नए दाखिलों पर रोक लगा दी गई है।
कैथल में सबसे अधिक कार्रवाई
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, कैथल में सबसे अधिक 162 निजी स्कूलों पर कार्रवाई हुई है। इसके बाद गुरुग्राम (99), हिसार (98), पानीपत (92), भिवानी (76), फरीदाबाद (70), जींद (67), रोहतक (63), करनाल (57) और यमुनानगर (51) शामिल हैं। इसके अलावा सोनीपत (45), महेंद्रगढ़ (33), सिरसा (30), झज्जर (28), चरखी दादरी (23), कुरुक्षेत्र (22), अंबाला (20), रेवाड़ी (16), पलवल (16), नूंह (15), पंचकूला (11) और फतेहाबाद (10) के निजी स्कूल भी कार्रवाई की जद में आए हैं।