दिल्ली में अमित शाह से मिले CM योगी, यूपी के राजनीतिक हालात और 2027 चुनावी तैयारियों पर चर्चा की अटकलें
CM Yogi Meets Amit Shah in Delhi
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बैठक हुई। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में उत्तर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले पर भी बातचीत होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब हाल ही में उत्तर प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश टीम की घोषणा की गई है और अब क्षेत्रीय स्तर की संगठनात्मक इकाइयों का गठन किया जाना बाकी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में अब अपेक्षाकृत कम समय बचा है, इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य मंत्रिपरिषद के संभावित विस्तार और प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद पार्टी अब चुनावी तैयारियों को गति देने पर फोकस कर रही है।
बताया जा रहा है कि इसी क्रम में संगठन की क्षेत्रीय इकाइयों के गठन और आगामी चुनावी रणनीति पर भी बैठक में विचार-विमर्श हुआ। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।