PM मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले हाई अलर्ट, 3,000 पुलिसकर्मी तैनात, 16-17 जुलाई को 'नो-फ्लाइंग ज़ोन'
Chandigarh on High Alert Ahead
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए चंडीगढ़ पुलिस, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया है।
मंगलवार को एसएसपी कंवरदीप कौर ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सीआरपीएफ की 12 बटालियन की भी मांग की है।
पीईसी परिसर में करीब 6,000 वर्गमीटर क्षेत्र में जर्मन हैंगर शैली का विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और आसपास की सड़कों की मरम्मत, सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 16 और 17 जुलाई को पूरे चंडीगढ़ को 'नो-फ्लाइंग ज़ोन' घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन और अन्य मानव रहित उड़ान उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की राजेंद्र पार्क में लैंडिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हेलिपैड और वीवीआईपी रूट पर सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती और सघन जांच की व्यवस्था की गई है। एसपीजी टीम भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर चुकी है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3,000 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जबकि शहर के प्रवेश द्वारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर 1,200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और विशेष चेकिंग की जाएगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है। हाल ही में मिली बम धमकियों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाएं:
- पीजीआई का एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर (₹435 करोड़)
- पीजीआई का एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर (करीब ₹440 करोड़)
- पंजाब यूनिवर्सिटी का मल्टीपरपज ऑडिटोरियम
- पीईसी का कुरुक्षेत्र बॉयज़ हॉस्टल (₹35 करोड़)
- पीईसी का नया मेस भवन (₹4.50 करोड़)
- सरकारी कॉलेज, सेक्टर-46 का हॉस्टल ब्लॉक (₹16.60 करोड़)
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं:
- पीजीआई का 150 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक
- जीरकपुर बाइपास परियोजना (₹1,878 करोड़)
- मोहाली आईटी सिटी–कुराली एक्सप्रेसवे (₹1,525.30 करोड़)
- पीईसी का रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल (₹26.39 करोड़)