फर्जी खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट लेकर नौकरी लेने वाले खिलाडिय़ों की सूची जारी, देखें कौन है

Pankaj

चंडीगढ़। List of players who took jobs with fake sports gradation certificates released: हरियाणा खेल विभाग ने ग्रुप डी के तहत खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाकर नौकरी लेने वाले खिलाडिय़ों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। उन खिलाडिय़ों की सूची विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। विभाग को संदेह है कि सर्टिफिकेट फर्जी है, इसलिए प्रदेश के 18 जिलों के 898 खिलाडिय़ों की सूची जारी की गई है। 4 जिलों के खिलाडिय़ों की सूची जारी होनी शेष है।
 

खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन ने खिलाडिय़ों, जिला खेल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इनमें से यदि किसी का सर्टिफिकेट जाली होने के बारे में संदेह है तो विभाग को सूचित करें। साथ ही नौकरी हासिल करने वाले खिलाडिय़ों को भी कहा कि किसी ने जाने अनजाने में फर्जी खेल ग्रेडेशन सटिफिकेट बनवा लिया है तो तुरंत खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट रद्द करवा लें, अन्यथा एफआईआर होगी। साथ में नौकरी भी जाएगी, इन्हें एक सप्ताह का मौका दिया है। सूची अपलोड कर दी गई है।

खेल विभाग के पास ग्रुप डी के सभी खेल कोटा के पदों के लिए कई उम्मीदवारों द्वारा झूठे खेल प्रमाण पत्र बनवाने की शिकायतें आई है। कुछ खिलाडिय़ों ने सूची वेबसाइट पर अपलोड करने की मांग की थी, ताकि वे बता सकें कि किसका सर्टिफिकेट जाली है। इसलिए खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र से नौकरी प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों की सूची भी वेबसाइट पर अपलोड की है, ताकि उनकी पहचान करके विभाग को ऐसे खिलाडिय़ों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकें। लोग फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने वालों की शिकायतें विभाग को दें। सूची में खिलाड़ी का नाम, खेल, प्रमाण पत्र बनवाने की तिथि, जिला और खेल अचीवमेंट का जिक्र किया है।

18 जिलों के 898 खिलाडिय़ों की सूची

अंबाला के 11, चरखी दादरी में 51, फरीदाबाद 15, गुरुग्राम 10, झज्जर 40, कैथल 92, करनाल 57, कुरुक्षेत्र 78, महेंद्रगढ़ 54, मेवात 10, पलवल 14, पंचकूला 8, पानीपत 48, रेवाड़ी 23, रोहतक 190, सिरसा 90, सोनीपत 97, यमुनानगर के 10 खिलाड़ी हैं। कुल 18 जिलों के 898 खिलाड़ी हैं। 4 जिलों के खिलाडिय़ों की सूची जारी करनी शेष है।

पहले 455 खेल नर्सरियों की सूची हुई थी जारी

प्रदेश के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों तथा निजी खेल प्रशिक्षण केंद्रों को अलॉट की जाने वाली खेल नर्सरियों की सूची खेल विभाग को भेजी थी। खेल विभाग ने करीब 455 खेल नर्सरियों को इस सूची में शामिल किया। जिसमें 170 सरकारी विद्यालय, 157 निजी संस्थान, 81 निजी खेल प्रशिक्षण केंद्र व 47 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसरों के नाम हैं। इसके बाद दूसरी सूची विभाग द्वारा जारी की जाएगी।