मोहाली शहर में जल्दी ही चलेगी सिटी बस सर्विस

मोहाली शहर में जल्दी ही चलेगी सिटी बस सर्विस

मोहाली शहर में जल्दी ही चलेगी सिटी बस सर्विस

मोहाली शहर में जल्दी ही चलेगी सिटी बस सर्विस

नगर निगम की तरफ से बसों के परमिट के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग को भेजी 

निकाय विभाग से ‌मंजूरी मिलने के बाद इस‌ दिशा में काम होगा शुरू


मोहाली। वीआईपी  शहर के लोगों की आने वाले कुछ समय में सिटी बस स‌र्विस का तोहफा मिल जाएगा। नगर  निगम ने बसों का परमिट लेने के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग को  फाइल भेजी है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही इस दिशा में कार्रवाई होगी। नगर निगम के डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि बसों के परमिट के लिए फाइल बनाकर ट्रांसपोर्ट विभाग को भेज दी गई। उम्मीद है कि नई सरकार से जल्दी ही प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल जाएगी। इसे बाद नगर निगम द्वारा ही सारी आगे की कार्रवाई की जानी है। 
जानकारी के मुताबिक 46 साल से इलाके में लोकल सिटी बस सर्विस नहीं चल पाई है। करीब दस साल से लोकल सिटी बस सर्विस चलाने के लिए नगर निगम योजनाएं बना रहा है, लेकिन हर बार इस प्रोजेक्ट में अंडगा फंस जाता है। जिससे नगर निगम की सारी मेहनत पर आखिर समय में आकर पानी फिर जाता है। इस बार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नगर निगम की तरफ से लोकल सिटी बस सर्विस चलाने के लिए सारा प्रस्ताव तैयार किया। इस प्रोजेक्ट की विशेषता यह थी कि इसमें नगर निगम व सरकार को वित्तीय बोझ नहीं पड़ना था। बल्कि बस चलाने वाली कंपनी को बसों पर विज्ञापन के माध्यम से अपना खर्च निकालना था। साथ ही पूरे शहर में दस रुपये में सैर की सुविधा दी जानी थी। इस प्रोजेक्ट को इस बार निकाय विभाग से मंजूरी मिल गई है, लेकिन जनवरी में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लग गई थी। ऐसे में इस संबंधी आगे की प्रक्रिया रुक गई थी। वहीं, अब नगर निगम ने अपनी फाइल मंजूरी के लिए भेज दी है। उम्मीद है कि नई सरकार के सक्रिय होते ही प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद नगर निगम टेंडर व अन्य औचारिकताएं पूरी कर आने वाले दो से तीन महीनों में बस सर्विस चला देगा।


बसों के लिए बनाए यह रूट
नगर निगम की ओर से बसों के रूट भी तैयार कर लिए गए हैं। इस दौरान उन जगहों को चुना गया है, जहां पर लोगों का आना जाना अधिक रहता है। इसके अलावा सभी सरकारी दफ्तरों को कवर किया गया। स्कूल और कॉलेज के टाइम का भी ध्यान रखा गया है। जिससे इलाके के लोगों को फायदा मिल सके। इन रूटों में मुख्य रूप से सेक्टर-80 से पीजीआई और पीयू, फेज-6 से 11, एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल एरिया समेत अन्य एरिया को कवर किया जाएगा। इस दौरान सीएनजी बसें ग्रिड सिस्टम में चलेंगी और इसके लिए ऑनलाइन एप भी तैयार होगा। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल एप से बस को ट्रैक कर पाएगा।