Weather patterns did not change

Editorial:मौसम के तेवर नहीं बदले, अभी और सताएगी सर्दी

Edit

Weather patterns did not change

पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में आजकल एक सप्ताह से हाड़ कंपा देने वाली ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। पूरे इलाके में 5 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवाओं की वजह से शीतलहर का प्रचंड प्रकोप जारी है। ठंड की वजह से ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ रहा है, अनेक ट्रेन कई घंटे देरी से चल रही हैं तो विमान सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर कोहरे की वजह से हादसों की सूचनाए हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-पंजाब, राजस्थान सहित उत्तर भारत में कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री तक जाने का अनुमान लगाया है। बीते दिन कई दिनों बाद जब सूर्यदेव के दर्शन हुए तो लोगों को राहत मिली थी, हालांकि दिनभर कुछ गर्माहट के बाद रात के समय तापमान और नीचे चला गया।

इलाके के मौसम पर नजर डालें तो पंजाब में बीते दिन चार दिन बाद धूप नजर आई थी लेकिन शीतलहर ने पीछा नहीं छोड़ा। राज्य के तमाम जिलों में दिन का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित है। माना जा रहा है कि बारिश न होने की वजह से जनवरी के पहले सप्ताह में ड्राई स्पैल का चक्कर जारी रहा। बताया गया है कि पहली जनवरी से प्रदेश में 4.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन यह अभी तक नहीं हुई है। इस बीच पंजाब के कुछ हिस्सों में भीषण से बहुत भीषण ठंडे दिन रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे ही बना रहेगा। 5 से 7 जनवरी तक भी मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है।

राजस्थान में भी प्रचंड ठंड का कोप जारी है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहेगा। यहां 5 से 7 जनवरी तक भी मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इस बीच यहां भी घने से बहुत घना कोहरा परेशान कर सकता है। वहीं हरियाणा-चंडीगढ़ भी भीषण ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भीषण से बहुत भीषण ठंड का अनुमान लगाया है। विभाग का यह भी कहना है कि 7 जनवरी तक घने से बहुत घना कोहरा परेशान कर सकता है।  इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। उत्तराखंड में भी अल सुबह और रात में कोहरे का असर दिख सकता है। इस दौरान विजिबिलिटी 50 मीटर से कम ज्यादा हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिसके चलते ठिठुरन बनी हुई है। बुधवार को हवा की रफ्तार चार से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में अभी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। सुबह मध्यम श्रेणी का कोहरा होगा जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। कई जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। अगले दो दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आसपास वहीं न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री रहेगा। सात जनवरी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। सात से नौ तक अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री वहीं न्यूनतम आठ से नौ डिग्री के आसपास रहेगा। नौ जनवरी को हल्की बरसात होने के भी आसार हैं।

अब मौसम चक्र भी बिगड़ चुका है और जलवायु परिवर्तन का असर हर तरफ नजर आता  है। मौसम के इन बिगड़े तेवरों के बीच हादसों की आशंकाएं बहुत ज्यादा रहती हैं और यह जरूरी है कि प्रत्येक जन खुद की संभाल करते हुए मौसम के तेवर सुधरने का इंतजार करे। प्रत्येक मौसम का अपना आनंद है, हम इसे बिगड़ने का नाम देते हैं, लेकिन मौसम है कि अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए तय समय पर आ ही जाता है। गौरतलब है कि हिमाचल में इस मौसम के दौरान बर्फबारी नहीं हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके मुताबिक आगामी 17 जनवरी तक अच्छी धूप खिलेगी। दरअसल, मौसम के ये तेवर इस माह के आखिर तक इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। निश्चित रूप से यह समय चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जीवन व्यवहार को सामान्य बनाए रखने के लिए सभी जत्न करते हुए स्वास्थ्य का ख्याल रखा जाना चाहिए।  

यह भी पढ़ें:

Editorial: राम मंदिर उद्घाटन पर न हो राजनीति, यह क्षण सभी के लिए पूजनीय

Editorial: बंगाल में टीएमसी को लाना चाहिए अपने रवैये में सुधार

Editorial:कड़कती ठंड का कहर जारी, अभी बचाव ही एकमात्र समाधान