Centre Confirms Gurugram Metro

संसद में गुरुग्राम मेट्रो पर बड़ा अपडेट, 28.5 किमी विस्तार परियोजना को मंजूरी; निर्माण कार्य शुरू

ppp

Centre Confirms Gurugram Metro

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में हरियाणा के लिए अहम जानकारी सामने आई। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्र सरकार ने बताया कि गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और इस पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने राज्यसभा में बताया कि देश के 26 शहरों में लगभग 1,159 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क (आरआरटीएस सहित) संचालित है। इसके अलावा कई नई मेट्रो परियोजनाएं स्वीकृत और निर्माणाधीन हैं। सरकार ने जून 2026 तक सभी स्वीकृत परियोजनाओं की भौतिक प्रगति का विवरण भी सदन में प्रस्तुत किया।

केंद्र सरकार के अनुसार, मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से साइबर सिटी और द्वारका एक्सप्रेसवे तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और जून 2026 तक इसकी लगभग 3.3 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है।

सरकार ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण में कमी आएगी तथा यात्रियों को सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में भी कमी आने की उम्मीद है।

सदन में पेश आंकड़ों के अनुसार, केंद्र सरकार ने मेट्रो परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता भी बढ़ाई है। वर्ष 2023-24 में 23,102.20 करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसे 2026-27 के बजट अनुमान में बढ़ाकर 30,942.05 करोड़ रुपये कर दिया गया है।