Show-Cause Notices Issued to Staff

निलंबित IAS प्रदीप डागर को सरकारी गाड़ी देने पर कार्रवाई, पीएस और नाजिर को कारण बताओ नोटिस

ppp

Show-Cause Notices Issued to Staff

चंडीगढ़। बैंक घोटाले के मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप डागर को कथित तौर पर सरकारी गाड़ी और चालक उपलब्ध कराने के मामले में हरियाणा परिवहन विभाग ने उनके निजी सचिव (पीएस) और नाजिर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने दोनों से तत्काल जवाब मांगा है और संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, इस मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच प्रभावित न हो, इसके लिए निजी सचिव का तबादला गवर्नमेंट सेंट्रल वर्कशॉप (GCW) और नाजिर का स्थानांतरण चंडीगढ़ डिपो कर दिया गया है।

बताया गया है कि जून माह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बैंक घोटाले की जांच के सिलसिले में गुरुग्राम स्थित प्रदीप डागर के आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान वहां सरकारी वाहन और चालक तैनात मिले थे। पूछताछ में चालक ने अपनी तैनाती का आधार परिवहन विभाग में तैनात निजी सचिव के निर्देशों को बताया।

मामले में यह भी आरोप है कि निलंबन अवधि के दौरान सरकारी वाहन में इस्तेमाल होने वाले ईंधन का खर्च विभाग के नाजिर द्वारा वहन किया जा रहा था। इन आरोपों की जांच के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के कार्यालय से निर्देश जारी किए गए थे।

राज्य परिवहन विभाग के निदेशक डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। यदि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो अगली विभागीय कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।