योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, दो नए एक्सप्रेस-वे को मंजूरी
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
Yogi Cabinet Approves Scooty Scheme
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, दो नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण और विधानसभा के मानसून सत्र की तिथियों की घोषणा प्रमुख रही।
मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, प्रदेश में स्नातक की पढ़ाई कर रही मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत स्कूटी दी जाएगी। इस योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम है। प्रत्येक विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की शीर्ष 5 प्रतिशत छात्राओं को इस योजना के तहत चयनित किया जाएगा।
स्कूटी के साथ बीमा, हेलमेट और पेट्रोल भी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि सरकार स्कूटी के साथ उसका पंजीकरण, बीमा, हेलमेट, आवश्यक सहायक सामग्री और 5 लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी। स्कूटी पेट्रोल चालित होगी और इसकी खरीद सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
इन छात्राओं पर आय सीमा नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया कि दिव्यांग छात्राओं, शहीदों की बेटियों और निराश्रित परिवारों की बेटियों के लिए 12 लाख रुपये वार्षिक आय की शर्त लागू नहीं होगी।
दो नए एक्सप्रेस-वे को मंजूरी
कैबिनेट ने 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेस-वे और 130 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण को भी मंजूरी दे दी है। विंध्य एक्सप्रेस-वे बनने से उत्तर प्रदेश का सड़क संपर्क बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमाओं तक मजबूत होगा।
सरकार के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रयागराज से सोनभद्र की यात्रा का समय लगभग 6.5 घंटे से घटकर करीब 3.25 घंटे रह जाएगा। वहीं, विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने से पूर्वांचल, विंध्य और गंगा एक्सप्रेस-वे आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे दिल्ली से बिहार और मध्य प्रदेश की सीमा तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा।
3 अगस्त से विधानसभा का मानसून सत्र
कैबिनेट ने यह भी निर्णय लिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विधायी और वित्तीय कार्यों पर चर्चा होगी।