यूपी कैबिनेट की बड़ी मंजूरी, 26,315 करोड़ रुपये से बनेगा 333 किमी लंबा विंध्य एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

1000267113

Major UP Cabinet approval: 333-km-long Vindhya Expressway

लखनऊ। Major UP Cabinet approval, प्रदेश सरकार ने 26,315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 333 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इस अहम प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है।

ग्रीनफील्ड विंध्य एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे के अंतिम बिंदु प्रयागराज से प्रारंभ होकर भदोही के ज्ञानपुर, मीरजापुर के चुनार, राबर्ट्सगंज, रेणुकूट होते बभनी छत्तीसगढ़ बार्डर तक जाएगा।

छह लेन यह एक्सप्रेसवे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से यहां औद्योगिक, कृषि और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

कैबिनेट की बैठक में 18 प्रस्तावों पर मुहर

मुख्यमंत्री आवास पांच कालिदास मार्ग में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 18 प्रस्ताव रखे गए और सभी पास हो गए। कैबिनेट बैठक के बाद निर्णयों की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।

इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व गंगा एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क स्थापित हो सकेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को एक लाख करोड़ डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के अनुरूप महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर मानी जा रही है।

यूपीडा द्वारा कराए गए विस्तृत सर्वेक्षण और तकनीकी अध्ययन के बाद तीन वैकल्पिक अलाइनमेंट तैयार किए गए थे। मुख्यमंत्री स्तर पर समीक्षा के बाद विकल्प-3 को सबसे उपयुक्त माना गया। यह मार्ग प्रयागराज से शुरू होकर भदोही (ज्ञानपुर), मीररजापुर (चुनार), राबर्ट्सगंज और रेणुकूट होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक जाएगा।

परियोजना से विंध्य क्षेत्र के औद्योगिक, पर्यटन, खनिज और कृषि क्षेत्रों को नई गति मिलने के साथ-साथ माल परिवहन की लागत और यात्रा समय में भी कमी आएगी।

सरकार का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख मार्गों से बेहतर संपर्क स्थापित कर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।