5 साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, सिरमौर पुलिस की पीओ सेल को बड़ी सफलता
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
Sirmaur Police Arrest Proclaimed
सिरमौर। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ (Proclaimed Offender) सेल ने वर्ष 2019 के एक मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को शिमला जिले के छेला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशाल ठाकुर निवासी गांव कुंथल, डाकघर नेरीपुल, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। वह थाना राजगढ़ में दर्ज एफआईआर संख्या 38/2019 में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 279 और 337 के तहत दर्ज मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन.एस. नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना राजगढ़ में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि जिले में फरार और उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।