NEET पेपर लीक पर राज्यसभा में फिर हंगामा, विपक्ष के विरोध के बीच दोपहर 2 बजे तक स्थगित हुई कार्यवाही
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
Rajya Sabha Adjourned Till 2 PM
नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भी NEET प्रश्नपत्र लीक और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्यों के विरोध के चलते सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और बाद में दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। हंगामे के कारण शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो सका।
बैठक शुरू होने पर सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद खरगे ने दिल्ली में NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया।
खरगे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उनकी बात पूरी होने से पहले ही सत्ता पक्ष के सदस्यों ने विरोध जताना शुरू कर दिया, जिसके बाद विपक्षी सांसद भी नारेबाजी करने लगे और सदन में हंगामा बढ़ गया।
बार-बार शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं होने पर सभापति ने पहले सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और बाद में दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
गौरतलब है कि संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन भी NEET पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही थी।