The havoc of bitter cold continues

Editorial:कड़कती ठंड का कहर जारी, अभी बचाव ही एकमात्र समाधान

Edit2

The havoc of bitter cold continues

आजकल उत्तर भारत में मौसम के बेहद तीखे तेवर जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर चुके हैं। अगर इलाके में दिन का अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाए तो खुद समझा जा सकता है कि सर्दी का कहर कितना है। इस कड़कती ठंड की वजह से ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ रहा है, अनेक ट्रेन कई घंटे देरी से चल रही हैं तो विमान सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। सडक़ों पर गाड़ियों की रफ्तार न्यूनतम हो चुकी है तो हादसे भी बढ़ रहे हैं। सुबह के समय जो घना कोहरा छाया रहता है, उससे सड़क पर गाड़ी चलाना बेहद जोखिमपूर्ण कार्य हो गया है। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर कोहरे की वजह से हादसों की सूचनाए हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली-पंजाब, राजस्थान सहित उत्तर भारत में कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री तक जाने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि तो 4 से 9 जनवरी तक मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 9 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। बाकी दिन सुबह के बाद आसमान साफ रहेगा। बुधवार के दिन कई दिनों बाद जब सूर्यदेव के दर्शन हुए तो लोगों को राहत मिली थी, हालांकि दिनभर कुछ गर्माहट के बाद रात के समय तापमान और नीचे चला गया।

इलाके के मौसम पर नजर डालें तो पंजाब में बीते दिन चार दिन बाद धूप नजर आई थी लेकिन शीतलहर ने पीछा नहीं छोड़ा। राज्य के तमाम जिलों में दिन का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित है। माना जा रहा है कि बारिश न होने की वजह से जनवरी के पहले सप्ताह में ड्राई स्पैल का चक्कर जारी रहा। बताया गया है कि पहली जनवरी से प्रदेश में 4.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन यह अभी तक नहीं हुई है। इस बीच पंजाब के कुछ हिस्सों में भीषण से बहुत भीषण ठंडे दिन रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे ही बना रहेगा। 5 से 7 जनवरी तक भी मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है। राजस्थान में भी प्रचंड ठंड का कोप जारी है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहेगा। यहां 5 से 7 जनवरी तक भी मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

इस बीच यहां भी घने से बहुत घना कोहरा परेशान कर सकता है। वहीं हरियाणा-चंडीगढ़ भी भीषण ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भीषण से बहुत भीषण ठंड का अनुमान लगाया है। विभाग का यह भी कहना है कि 7 जनवरी तक घने से बहुत घना कोहरा परेशान कर सकता है।  इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। उत्तराखंड में भी अल सुबह और रात में कोहरे का असर दिख सकता है। इस दौरान विजिबिलिटी 50 मीटर से कम ज्यादा हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिसके चलते ठिठुरन बनी हुई है। बुधवार को हवा की रफ्तार चार से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में अभी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। सुबह मध्यम श्रेणी का कोहरा होगा जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। कई जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। अगले दो दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आसपास वहीं न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री रहेगा। सात जनवरी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। सात से नौ तक अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री वहीं न्यूनतम आठ से नौ डिग्री के आसपास रहेगा। नौ जनवरी को हल्की बरसात होने के भी आसार हैं।

निश्चित रूप से मौसम के ऐसे तेवर दुरुस्त करने के लिए कोई उपकरण नहीं है। आजकल मौसम भी बनावटी हो गया है, सर्दियां बेहद सर्द तो गर्मियां बेहद गर्म होने लगी हैं। अब मौसम चक्र भी बिगड़ चुका है और जलवायु परिवर्तन का असर हर तरफ नजर आता  है। मौसम के इन बिगड़े तेवरों के बीच हादसों की आशंकाएं बहुत ज्यादा रहती हैं और यह जरूरी है कि प्रत्येक जन खुद की संभाल करते हुए मौसम के तेवर सुधरने का इंतजार करे। प्रत्येक मौसम का अपना आनंद है, हम इसे बिगड़ने का नाम देते हैं, लेकिन मौसम है कि अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए तय समय पर आ ही जाता है। भारत में अगर मौसम अपना चेहरा न बदले तो यह रंगहीन जीवन होगा। आइए मौसम के खुशगवार होने का इंतजार करें। 

यह भी पढ़ें:

Editorial: ट्रक चालकों की हड़ताल से देश में सप्लाई हो रही प्रभावित

Editorial: हरियाणा में वन टाइम सेटलमेंट स्कीम बनेगी मील का पत्थर