‘गैंगस्टरों ते वार’ के 173वें दिन पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 911 गिरफ्तार; ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान में 69 तस्कर दबोचे
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Jul, 2026
Punjab Police Arrests 911 in ‘War Against Gangsters’ Drive; 69 Drug Smugglers Nabbed in Anti-Drug Ca
पंजाब सरकार के ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 173वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित 1,074 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 911 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 6 अवैध हथियार बरामद किए।
गौरतलब है कि पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया था। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय में सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार राज्यभर में कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियान की शुरुआत से अब तक 47,685 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, ताजा कार्रवाई के दौरान 510 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 19 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से संबंधित गोपनीय सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर साझा कर राज्य को अपराधमुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करें।
इसी क्रम में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 498वें दिन भी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए 69 तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 829 ग्राम हेरोइन, 565 नशीली गोलियां और 5,250 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत पिछले 498 दिनों में कुल 73,505 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, नशामुक्ति अभियान के तहत आज 13 लोगों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में उपचार के लिए प्रेरित भी किया गया।