मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी का एथेनॉल पेट्रोल पर बड़ा दावा; बताया- मर्सिडीज कार का माइलेज 17 से 5 रह गया, पहले घटकर 9 हुआ
YouTuber Sourav Joshi Claims Mercedes Car Mileage Reduced From 17 To 5
YouTuber Sourav Joshi: एथेनॉल के मिश्रण वाले पेट्रोल से गाड़ियों के खराब होने की लोग शिकायत करते हुए देखे जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर अब तक कई लोग एथेनॉल पेट्रोल से उनकी गाड़ी के इंजन में खराबी आने और माइलेज गिरने का दावा कर चुके हैं. इसी बीच अब उत्तराखंड के बेहद मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी ने सामने आकर सोशल मीडिया पर 'एथेनॉल पेट्रोल' को और ज्यादा चर्चा का विषय बना दिया है. दरअसल सौरव जोशी का भी दावा है कि उनकी महंगी मर्सिडीज कार एथेनॉल पेट्रोल की वजह अब माइलेज नहीं दे रही है.
यूट्यूबर सौरव जोशी ने मर्सिडीज कार के साथ अपना एक वीडियो जारी किया. जिसमें उन्होंने बताया कि हमारी गाड़ी पहले 17 kmpl का अच्छा-ख़ासा माइलेज दे रही थी. इसके बाद ये माइलेज घटकर सीधा 9 रह गया और अब 5kmpl का रह गया है. सौरव जोशी ने कहा कि ऐसा होने से बहुत बुरा लग रहा है. देखो एथेनॉल पेट्रोल की वजह से ये क्या हो गया है? अब पता नहीं कब ये गाड़ी खराब हो जायेगी. मर्सिडीज कार है, अगर कोई खराबी आती है तो दिल्ली भेजनी पड़ेगी. सौरव जोशी ने कहा कि अब हम डर-डरकर पेट्रोल भरवा रहे हैं.
5 का माइलेज तो बहुत कम, क्या होगा हमारा
वीडियो में सौरव जोशी आगे कहते हैं कि 5 का माइलेज तो बहुत कम है, क्या होगा हमारा भाई, इतने पैसे लगाये हैं इस गाड़ी में. उन्होंने कहा कि, आजकल पेट्रोल भरवाने में इतना डर लग रहा है मुझे कि कहीं गाड़ी खराब न हो जाए क्योंकि आजकल बहुत लोगों की गाड़ियां मिलावटी पेट्रोल की वजह से खराब हो रहीं हैं. इसके बाद सौरव जोशी बताते हैं कि ये अच्छा हुआ की मैंने G Wagon इलेक्ट्रिक ले ली. पेट्रोल वाली नहीं ली. एक तो पैसे भी ज्यादा लगते, ऊपर से जब खराब हो जाती तो उसका मोटा खर्चा और आता. अब वही चलाएंगे ज्यादा क्योंकि इलेक्ट्रिक है, कोई दिक्कत नहीं है, यहीं चार्ज कर लो और अपना चलाओ, 500 किलोमाटर चल जाती है.
सौरव जोशी का वीडियो
यूट्यूबर सौरव जोशी के बारे में
आपको बता दें कि यूट्यूबर सौरव जोशी भारत के सबसे लोकप्रिय व्लॉगर्स में से एक हैं. वह अपने डेली लाइफ व्लॉग्स, परिवार और यात्रा से जुड़े वीडियो के लिए जाने जाते हैं. उनके यूट्यूब चैनल पर करोड़ों सब्सक्राइबर हैं और उनके हर वीडियो को लाखों-करोड़ों लोग देखते है. सौरव ने अपने करियर की शुरुआत एक आर्टिस्ट के रूप में की थी और बाद में व्लॉगिंग के जरिए बड़ी पहचान बनाई. उनकी सरल जीवनशैली और परिवार-केंद्रित कंटेंट दर्शकों को काफी पसंद आता है. सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है.
एथेनॉल पेट्रोल कैसे बनता है?
एथेनॉल एक प्रकार का स्वच्छ बायोफ्यूल (जैव ईंधन) है, जिसे मुख्य रूप से गन्ने, मक्के, और सड़े हुए अनाजों से बनाया जाता है। इसे एक निश्चित अनुपात में पेट्रोल (जैसे E20 यानी 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल) के साथ ब्लेंड (मिलाकर) करके गाड़ियों में इस्तेमाल करने लायक तैयार किया जाता है. एथेनॉल बनाने के लिए गन्ने के रस, शीरे या मक्के/अनाज में मौजूद स्टार्च को निकाला जाता है.
तेल विपणन कंपनियां (जैसे IOCL, HPCL) शुद्ध एथेनॉल को सीधे पेट्रोल के टैंकों या टर्मिनलों पर पेट्रोल के साथ मिलाती हैं. इसे मिलाने के लिए विशेष ब्लेंडिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. भारत में अभी E20 (20% एथेनॉल) ईंधन का मुख्य रूप से इस्तेमाल हो रहा है. सरकार इसे बढ़ाकर E85 (85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल) तक ले जाने की दिशा में काम कर रही है.