NCERT की लापरवाही पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सख्त, अधिकारियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई के आदेश
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Jul, 2026
Dharmendra Pradhan Orders Probe
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NCERT (नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग) में सामने आई कथित प्रशासनिक और कानूनी लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने उन अधिकारियों के खिलाफ व्यापक जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जो दिल्ली हाई कोर्ट में एक पेपर सप्लायर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के फैसले का प्रभावी ढंग से बचाव करने में विफल रहे।
शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी।
यह मामला बफना ग्लोबल वेंचर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी ने 24 जून को दिल्ली हाई कोर्ट में NCERT के 22 जून के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसके तहत उसे दो वर्षों के लिए परिषद की खरीद प्रक्रिया में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
सुनवाई के दौरान NCERT की ओर से कोई प्रतिनिधि अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने कंपनी को अगले आदेश तक किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत प्रदान कर दी। साथ ही, अदालत ने NCERT को कंपनी की 6 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक गारंटी भुनाने पर भी अंतरिम रोक लगा दी।