दतिया उपचुनाव: टिकट बदलने की मांग पर अड़े भाजपा कार्यकर्ता, नरोत्तम मिश्रा ने की संयम की अपील
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Jul, 2026
Datia Bypoll: BJP Workers Continue
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा में टिकट वितरण के बाद शुरू हुआ असंतोष अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के एक वर्ग में नाराजगी बनी हुई है। संगठन लगातार कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटा है, लेकिन विरोध कर रहे कार्यकर्ता फिलहाल अपने रुख पर कायम हैं।
शनिवार को भाजपा के चंबल संभाग प्रभारी अभयप्रताप सिंह दतिया पहुंचे और जिला भाजपा कार्यालय में नाराज कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें पार्टी के फैसले के साथ चलने की अपील की। हालांकि बैठक के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने खुलकर विरोध जताते हुए कहा कि यदि उम्मीदवार नहीं बदला गया तो उपचुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने टिकट चयन पर पुनर्विचार की मांग की। सूत्रों के अनुसार, संगठन की समझाइश के बावजूद नाराजगी कम होती नहीं दिखी, जिसके बाद प्रदेश प्रभारी कुछ समय बाद कार्यालय से रवाना हो गए। इससे संकेत मिले कि दतिया में टिकट को लेकर असंतोष अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
इस बीच पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उम्मीदवार तय करना पार्टी का अधिकार है और सभी कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्णय का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने हाल में पेट्रोल-डीजल डालकर प्रदर्शन करने जैसे वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए समर्थकों से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक दलों में अपनी बात रखने के लिए संगठन के भीतर उचित मंच मौजूद हैं और असहमति हमेशा अनुशासित तरीके से व्यक्त की जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कदम से बचने और संयम बनाए रखने का आग्रह किया।
उधर, दतिया विधानसभा उपचुनाव का कार्यक्रम भी घोषित हो चुका है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है, जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 16 जुलाई तक नाम वापस ले सकेंगे। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना होगी।