Panchkula Police Nab Two Juveniles

पंचकूला पुलिस ने दो नाबालिग वाहन चोर दबोचे, चोरी की 3 बाइक और 1 स्कूटी बरामद

hp

Panchkula Police Nab Two Juveniles

 

 पंचकूला पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो नाबालिग बालकों को काबू कर उनके कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें और 1 स्कूटी बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद वाहनों में एक मोटरसाइकिल सेक्टर-6 पंचकूला से तथा दो मोटरसाइकिलें एवं एक स्कूटी मनीमाजरा क्षेत्र से चोरी की गई थीं। आरोपियों ने सभी चोरीशुदा वाहनों को गांव बीड़ घग्गर में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा हुआ था।                                                                                                                

चंडीमंदिर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल सिंह के अनुसार उनकी टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गांव बीड़ घग्गर के दो युवक बिना नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में नेशनल हाईवे की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव बीड़ घग्गर से नेशनल हाईवे जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद दोनों संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन एएसआई प्रवीन कुमार व टीम की तत्परता दिखाते हुए दोनों को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(5) व 317(2) के तहत 7 जुलाई को चंडीमंदिर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। काबू किए गए दोनों नाबालिगों की निशानदेही पर गांव बीड़ घग्गर में छिपाकर रखी गई कुल 3 चोरी की मोटरसाइकिलें और 1 स्कूटी बरामद की गई। हमारी जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में एक मोटरसाइकिल सेक्टर-6 पंचकूला से तथा दो मोटरसाइकिलें एवं एक स्कूटी मनीमाजरा क्षेत्र से चोरी की गई थीं। जांच के दौरान दोनों की आयु 18 वर्ष से कम पाई गई, जिसके चलते दोनों को जुवेनाइल जस्टिस अधिकारी के समक्ष पेश किया गया व दोनों किशोरों को आज बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।