पंचकूला डबल मर्डर केस: जीजा-साले की हत्या मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में
Panchkula Double Murder Case
पंचकूला के सेक्टर-19 क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते जीजा-साले की दोहरी हत्या मामले में पंचकूला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जांच में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
पंचकूला के सेक्टर-19 क्षेत्र में आपसी रंजिश में हुई जीजा-साले की मौत के मामले में सेक्टर-19 चौकी टीम ने इन्चार्ज कमलदीप सिंह की अगुवाई में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 जुलाई को चौथे आरोपी रोहन कुमार निवासी गांव अभयपुर, सेक्टर-19, पंचकूला को भी गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से घायल होने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पहुंची तथा प्रारंभिक पूछताछ के बाद घटना स्थल का पता लगाकर सीआईडी अंडरपास के समीप खाली स्थान पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर अर्जुन उर्फ चीटा निवासी खड़क मंगोली का शव भी बरामद हुआ, जिसके शरीर पर तेजधार हथियारों के कई गंभीर चोटों के निशान मिले।
जांच के दौरान मृतक अर्जुन उर्फ चीटा की बहन के बयान में सामने आया कि उसके भाई का संजीत की बहन के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था तथा दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में दोनों अलग रहने लगे, जिसके बाद संजीत और अर्जुन के बीच लगातार विवाद और रंजिश चल रही थी। आरोप है कि नामकरण कार्यक्रम के बहाने अर्जुन को बुलाया गया, जहां संजीत तथा उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान हुए खूनी संघर्ष में संजीत की भी मौत हो गई। इस संबंध में दोनों मामले थाना सेक्टर-20 में दर्ज हैं।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान सेक्टर-19 चौकी टीम ने चौथे आरोपी रोहन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले 5 जुलाई को तीन आरोपी विपिन निवासी अभयपुर, प्रेमचंद निवासी अभयपुर तथा सुखप्रीत सिंह उर्फ लक्की निवासी अभयपुर को गिरफ्तार किया गया था। सभी आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में शामिल प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।