वरिष्ठ HCS अधिकारी आशुतोष राजन की माता कृष्णा धम्मी को भावभीनी श्रद्धांजलि, शोकसभा में जुटीं कई हस्तियां
Leaders and Officials Pay Tribute
हरियाणा के वरिष्ठ एचसीएस अधिकारी एवं पंचायत विभाग में अतिरिक्त निदेशक आशुतोष राजन की माता कृष्णा धम्मी के निधन पर बुधवार को आयोजित शोकसभा में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। 
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि "मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि पूरा संसार होती है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मां के निधन की क्षति कभी पूरी नहीं हो सकती।"
हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि "मां परिवार की पहली गुरु, पहली मित्र और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। माता-पिता के संस्कार ही व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं और मां का आशीर्वाद जीवनभर मार्गदर्शन करता है।"
पूर्व उपमुख्यमंत्री चन्द्र मोहन ने कहा कि "मां ममता, त्याग, करुणा और निस्वार्थ प्रेम की साक्षात प्रतिमूर्ति होती है। मां के स्नेह और संस्कारों का स्थान कोई नहीं ले सकता।" उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में आदित्य सुरजेवाला, अकरम खान, सुभाष सुधा, दिनेश अडलखा, अनिल धंतौड़ी, श्याम सिंह राणा, राव नरेंद्र, रेखा शर्मा, तरुण भंडारी, वरिंदर बड़ खालसा, देवेंद्र कल्याण, लहरी सिंह, जाकिर हुसैन, देवेंद्र कादयान, अनिल ठाकर, लतिका शर्मा और श्याम लाल बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत कृष्णा धम्मी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी पावन स्मृति को नमन किया। अंत में सभी ने आशुतोष राजन एवं उनके परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।