कौशांबी हाईवे हादसा: पंचर बना रहे चार युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, इलाज के दौरान सभी की मौत
Kaushambi Highway Accident
कौशांबी। Kaushambi Highway Accident, प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की आधी रात दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई।
कोखराज थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने सड़क किनारे खड़ी चारपाइयों से लदी पिकअप का पंचर बनाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वहां काम कर रहे चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस 108 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सभी को मेडिकल कालेज मंझनपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान चारों युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान साबिर व अकबर पुत्रगण शरीफ निवासी वार्ड नंबर-10, सराय सिराथू थाना सैनी, अनवर पुत्र स्वर्गीय मुमताज निवासी मूरतगंज थाना संदीपन घाट तथा एहसान पुत्र स्वर्गीय सपातुल्लाह निवासी रसूलपुर थाना कोखराज के रूप में हुई है। एक साथ चार युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।