Shopian Encounter: कश्‍मीर में लश्कर का टॉप कमांडर मारा गया; सेना ने भीषण मुठभेड़ में किया ढेर, शोपियां में ऑपरेशन

कश्‍मीर में लश्कर का टॉप कमांडर मारा गया; सेना ने भीषण मुठभेड़ में किया ढेर, शोपियां में पिछले 5 दिनों से सर्च ऑपरेशन जारी

Army CRPF Eliminate Top LeT Terrorist in Kashmir Shopian Encounter

Army CRPF Eliminate Top LeT Terrorist in Kashmir Shopian Encounter

Shopian Encounter News: साउथ कश्मीर के शोपियां में भारतीय सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है. यहां घेराबंदी के बाद हुई भीषण मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया है. मारे गए आतंकी का शव भी सेना ने बरामद कर लिया है और उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद की बरादमगी हुई है. जम्मू-कश्मीर पुलिस SOG के जवान भी इस जॉइंट ऑपरेशन का हिस्सा रहे.

कश्‍मीर में लश्कर का टॉप कमांडर था

आतंकी की पहचान जाकिर गनई के तौर पर बताई जा रही है. जो कि कश्मीर का ही रहने वाला था और पकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के इशारों पर घाटी में दहशत फैलाने का काम कर रहा था. जाकिर गनई कश्मीर में लश्कर का टॉप कमांडर माना जाता था. उसका खात्मा आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन में सेना के लिए एक बड़ी कामयाबी है. इस ऑपरेशन में किसी जवान के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है.

2 आतंकियों के मूवमेंट पर सेना ने चलाया सर्च ऑपरेशन

भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 2 आतंकियों के मूवमेंट पर शोपियां के चनापोरा इलाके और उसके आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. दोनों आतंकी निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों (सर्विलांस कैमरों) में एक बाग़ में आते-जाते देखे गए थे. आतंकियों की तलाश में पिछले 5 दिनों से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. जिसमें आज घेराबंदी के बाद इनमें से ही एक आतंकी जाकिर गनई को अब मार गिराया गया.

हालांकि एक और आतंकी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. सेना का ऑपरेशन अभी जारी है. दूसरे आतंकी की पहचान लतीफ़ के तौर पर बताई जा रही है. लतीफ़ भी कश्मीर का ही रहने वाला है. ज़ाकिर के बारे में कहा जाता है कि वह 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था, जबकि लतीफ़ पिछले साल इस आतंकी संगठन में शामिल हुआ था. सेना के साथ मुठभेड़ में जल्द ही दूसरे आतंकी के मारे जाने की खबर आ सकती है.

लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर रहा है शोपियां

जम्मू-कश्मीर का शोपियां जिला पाकिस्तानी आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर रहा है. शोपियां जिला लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट जैसे आतंकवादी संगठनों के लिए एक रणनीतिक और सक्रिय केंद्र बना. यह दक्षिण कश्मीर को पीर पंजाल रेंज से जोड़ने वाले ट्रांजिट कॉरिडोर के रूप में काम करता है. जिसके चलते लश्कर-ए-तैयबा आतंकियों की यहां ज्यादातर मूवमेंट देखी जाती रही है. लेकिन हाल फिलहाल सेना ने शोपियां में प्रभावी तौर से आतंकियों की कमर तोड़ने का काम किया है. शोपियां काफी दिनों से शांत है.

आतंकियो की हलचल पर भारतीय सेना की पैनी नजर

बता दें कि पहलगाम हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकियो (Terrorists) की हलचल पर भारतीय सेना की बहुत पैनी नजर है। आतंकियो को उनके नापाक मंसूबों के साथ ही कुचल दिया जा रहा है। लेकिन आतंकी अपनी नापाक हरकतों से फिर भी बाज नहीं आ रहे। हालांकि हमारी सेना भी इन्हें हर बार सबक सिखाने के तैयार है। दरअसल आतंकियों का मकसद है कि, सेना और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए घाटी को दहलाया जाए और फिर भारत के अन्य हिस्सों में घुसकर दहशत फैलाई जाए। लेकिन सेना के जवान आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनके इरादों को नाकाम कर दे रहे हैं।

घाटी में अब तक कई आतंकी ढेर

जहां पहलगाम हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान में 100 से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया तो वहीं जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ 'ऑपरेशन ऑल आउट' चलाया जा रहा है। आतंकियों के खात्मे का सिलिसला जारी है। पिछले कुछ ही दिनों में भारतीय सेना ने कई आतंकियों को ढेर किया है। सेना आतंकियों पर काल बनकर टूट रही है। हालांकि, अपने जवानों की शहादत भी हुई है। लेकिन सेना ने फैसला कर लिया है कि अब जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को पूरी तरह से साफ कर देना है। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में सेना, पैरामिलिट्री फोर्सेस और पुलिस तीनों की संयुक्त कार्रवाई देखी जा रही है।