जेवर बनेगा उत्तर भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब, मुख्यमंत्री योगी ने 6,785 करोड़ के निवेश परियोजनाओं की रखी आधारशिला
Jewar to become North India's electronics and semiconductor hub
नोएडा। Jewar to become North India's electronics and semiconductor hub, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 'अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस' के अवसर पर कहा कि जेवर क्षेत्र अब उत्तर भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब बनने जा रहा है। एक समय जंगलराज के लिए कुख्यात जेवर आज मंगलराज के रूप में उभर रहा है।
सेक्टर 10 में अंबर इंटरप्राइजेज और एस्केंट सर्किट की इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
'कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश का पुराना संबंध'
उन्होंने कहा, 'आज दुनिया की सबसे बड़ी ताकत सेमीकंडक्टर का केंद्र बिंदु जेवर क्षेत्र बन रहा है। यहां इलेक्ट्रॉनिक हब स्थापित हो रहा है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'कभी जंगलराज के नाम से जाना जाने वाला जेवर आज मंगलराज के रूप में पहचाना जा रहा है। यहां 6,785 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। कोरिया के साथ जॉइंट वेंचर हो रहा है। कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश का पुराना संबंध है। कोरिया की रानी अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थीं, जो जलमार्ग से कोरिया पहुंची थीं।'
'गौतमबुद्ध नगर देश का मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हम वो चीजें खुद बनाएंगे जो पहले दुनिया से आयात करते थे और उन्हें निर्यात भी करेंगे। उत्तर प्रदेश में 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। सरकार निवेशकों को इंसेंटिव और सिंगल विंडो सिस्टम की सुविधा दे रही है। गौतमबुद्ध नगर देश का मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है, जहां देश में बने कुल मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत उत्पादन होता है।
'दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी तक चलेगी बुलेट ट्रेन'
केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों को पीसीबी (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने 14 लेयर और 55 लेयर वाले पीसीबी सर्किट दिखाकर बताया कि जेवर में यही बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत पहले 40 हजार करोड़ रुपये का पीसीबी आयात करता था, अब इसे जेवर में ही बनाया जाएगा। अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में स्वीकृत बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन चलेगी। जेवर से लखनऊ का सफर मात्र एक घंटे 40 मिनट में पूरा हो जाएगा।
'इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में महिला कामगार हैं अधिक'
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज यूपी को 'उत्तम प्रदेश' के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश औद्योगिक निवेश और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में महिलाएं 50 प्रतिशत से अधिक कामगार हैं। नए सेमीकंडक्टर उद्योग युवाओं को बेहतर अवसर देंगे।
समारोह में यह भी कहा गया कि जेवर एयरपोर्ट पर कॉमर्शियल उड़ानें शुरू हो चुकी हैं और यहां निरंतर निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। यह निवेश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।