लारजी बांध के सभी गेट खुलेंगे, ब्यास नदी किनारे हाई अलर्ट; 24 घंटे चलेगी फ्लशिंग प्रक्रिया
All gates of Larji Dam to be opened
मंडी। All gates of Larji Dam to be opened, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के लारजी जलविद्युत परियोजना के जलाशय की प्री-मानसून (बरसात से पूर्व) फ्लशिंग 28 जून से शुरू होने जा रही है। बांध में जमा गाद को निकालने का यह कार्य 28 जून को सुबह 6:00 बजे से 29 जून को सुबह 6:00 बजे तक लगातार 24 घंटे चलेगा। इस दौरान जलाशय की सफाई के लिए लारजी बांध के सभी गेट खोल दिए जाएंगे, जिससे नदी में अचानक जलस्तर बढ़ेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जलाशय से लगभग 2000 क्यूमेक्स पानी ब्यास नदी में छोड़ा जाएगा। इस फ्लशिंग प्रक्रिया के कारण लारजी पावर स्टेशन में बिजली का उत्पादन पूरी तरह से ठप रहेगा।
हाई अलर्ट जारी
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर लारजी बांध से लेकर पंडोह बांध तक ब्यास नदी के निचले क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय निवासियों, राहगीरों और पर्यटकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
बज रहे सायरन
सभी से आग्रह किया गया है कि वे नदी के किनारों के समीप न जाएं और अपने मवेशियों को भी नदी की तरफ न भेजें। लोगों को जागरूक करने के लिए सायरन बजाने के साथ-साथ प्रचार वाहनों के जरिए लगातार मुनादी भी की जा रही है।
थलौट में बह गए थे 24 लोग
लारजी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण 2014 में थलौट में दर्दनाक हादसा हुआ था। बांध से पानी छोड़ने के कारण अचानक नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया था व कॉलेज स्टूडेंट को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया था। हादसे में एक अन्य व्यक्ति सहित 24 छात्रों की मौत हो गई थी।