केंद्रीय कैबिनेट में बड़ा फेरबदल होने जा रहा! नए चेहरों को मोदी मंत्रिमंडल में जगह, कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी, कई के विभाग बदलेंगे
Modi Cabinet reshuffle 2026 NDA Govt New Ministers Breaking News
Modi Cabinet reshuffle 2026: दिल्ली में इस वक्त सियासी सरगर्मी तेज हो रखी है। खबर आ रही है कि केंद्रीय कैबिनेट में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। हालांकि अभी आधिकारिक तौर से कोई पुष्टि नहीं है। लेकिन सूत्रों के हवाले से तमाम रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि मोदी मंत्रिमंडल में अगले चार से पांच दिनों के भीतर ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। इस बीच बीते गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु से मुलाक़ात की थी। इससे पहले हाल ही में पीएम मोदी भी मिलने पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल को लेकर यूपी, बिहार-महाराष्ट्र में हलचल तेज
केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव को लेकर खासकर यूपी, बिहार और महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल तेज हो रखी है। यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव भी होना है। इसके अलावा पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, गोवा और गुजरात भी 2027 के चुनावी राज्य हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल फेरबदल को अगले साल होने वाले चुनाव के मद्देनजर रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने फैसले सभी को चौंकाते रहे हैं। ख़ासतौर से कैबिनेट के मामले में। यह देखना दिलचस्प होगा की इस बार क्या सामने आता है?
नए चेहरों को मोदी मंत्रिमंडल में जगह
मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल की इस कड़ी में कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। आरबीआई के पूर्व गवर्नर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी शक्तिकांत दास को कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उत्तर प्रदेश से सांसद अरुण गोविल को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है। जबकि उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के मंत्रिमंडल से बाहर होने की अटकलें हैं। इसे आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र में NDA को मजबूती देने वाली एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना को मोदी कैबिनेट मे अतिरिक्त प्रतिनिधित्व मिल सकता है. श्रीकांत शिंदे को कैबिनेट में जगह मिलने की चर्चा है.
नीतीश कुमार केंद्रीय मंत्री बन सकते
बिहार में मुख्यमंत्री पद से हटे और इस समय राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के खेमे का भी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है। ख़ुद नीतीश कुमार भी कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। इसके अलावा चुनावी राज्य पंजाब में राजनीतिक समीकरणों के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा या अशोक मित्तल में से किसी एक को इनाम के तौर पर कैबिनेट में मौका मिलने की अटकलें लग रहीं हैं। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू की जगह बीजेपी राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं हरियाणा से सांसद मनोहर लाल खट्टर से बिजली मंत्रालय वापस लिए जाने की चर्चा है।
अनुराग ठाकुर की मोदी कैबिनेट में वापसी की संभावना
वहीं एक और बड़ी संभावना जताई जा रही है कि हिमाचल से लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर की मोदी कैबिनेट में वापसी हो सकती है। क्योंकि हिमाचल में अगले साल चुनाव भी है। ज्ञात रहे कि इससे पहले भी अनुराग ठाकुर मोदी सरकार 2.0 के दौरान खेल-युवा मंत्री और वित्त राज्य मंत्री रह चुके हैं। वहीं पेपर लीक विवाद को लेकर विपक्ष से घिरे और छात्रों की आलोचना झेल रहे धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। इसके अलावा हरदीप सिंह पुरी के भी मंत्रिमंडल से बाहर होने की अटकलें हैं।
निर्मला सीतारमण को शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता
इधर मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल के क्रम में निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय से हटाकर शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक केंद्रीय राज्य मंत्रियों (MoS) के भी बदले जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। ज्ञात रहे कि लोकसभा चुनाव-2024 के बाद मोदी सरकार 3.0 में पीएम मोदी के साथ-साथ 71 केंद्रीय मंत्रियों ने शपथ ली थी। इन मंत्रियों में 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल थे।
केंद्रीय कैबिनेट में ज्यादा से ज्यादा कितने मंत्री बनाए जा सकते?
केंद्र सरकार में कितने मंत्री बनाए जा सकते हैं? आइये इस बारे में भी जान लेते हैं। बता दें कि, लोकसभा में 543 सदस्यों की संख्या के 15 फीसदी मंत्री केंद्र में हो सकते हैं। यानी इस आधार पर प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट में 81-82 मंत्री अधिकतम हो सकते हैं। इन मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की ज़िम्मेदारी दी जाती है। जिसके बाद सभी मंत्रियों को अपने विभागों को दुरुस्त रखते हुए काम कराने होते हैं और रिपोर्ट लेनी होती है। पीएम द्वारा कभी भी किसी भी मंत्री से कामों की रिपोर्ट मांगी जा सकती है।