योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना से 27 लाख से अधिक पिछड़े वर्ग के छात्रों को मिला लाभ
- By Gaurav --
- Friday, 26 Jun, 2026
Over 27 Lakh OBC Students Benefit
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की पिछड़ा वर्ग दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना लाखों छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है। वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 27 लाख से अधिक पिछड़े वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया है।
लाभार्थियों की संख्या के मामले में प्रयागराज प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जहां 1,69,489 छात्रों को छात्रवृत्ति मिली। इसके बाद गाजीपुर में 1.34 लाख से अधिक, आजमगढ़ में 1.19 लाख से अधिक, जौनपुर में 1.15 लाख से अधिक तथा वाराणसी में 88,859 छात्रों को योजना का लाभ मिला।
योजना के तहत कक्षा 11-12 में 4,72,764 छात्राओं, 3,80,667 छात्रों और 2 ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं उच्च शिक्षा स्तर पर 10,01,084 छात्राओं, 9,31,906 छात्रों और 8 ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
यह योजना केवल इंटरमीडिएट तक सीमित नहीं है, बल्कि बीटेक, एमबीबीएस, एमबीए, बीए, बीएससी, बीकॉम, आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी कवर करती है।
योजना का लाभ उन छात्रों को दिया जाता है, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किए जाते हैं और स्वीकृति के बाद राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनी है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण प्रदेश का कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र छात्र-छात्राओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद मिल रही है।