एचपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन हुआ तेज, समर्थन में धरना स्थल पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

एचपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन हुआ तेज, समर्थन में धरना स्थल पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

HPSC aspirants agitation intensifies

HPSC aspirants' agitation intensifies

पंचकूला: HPSC aspirants' agitation intensifies, पंचकूला में एचपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आज आंदोलन के समर्थन में हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया।

पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) अभ्यर्थी संघर्ष समिति का धरना आज नौवें दिन भी जारी रहा। 30 से अधिक अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं आमरण अनशन पर बैठी अभ्यर्थी पल्लवी, सुमन तथा अभ्यर्थी सुरेंद्र और रमणदीप की लगातार बिगड़ती तबीयत चिंता का विषय बनी हुई है।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में परीक्षा में न्यूनतम 35 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता को समाप्त करना तथा रिक्त पदों को नियमानुसार भरना शामिल है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन और आमरण अनशन जारी रहेगा।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एचपीएससी की कार्यप्रणाली पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के रिक्त पदों को नहीं भरा जा रहा है तथा 35 प्रतिशत अंकों की शर्त लगाकर योग्य अभ्यर्थियों को बाहर किया जा रहा है।

हुड्डा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांगें जायज हैं, लेकिन आमरण अनशन उचित तरीका नहीं है। उन्होंने अनशन पर बैठे युवाओं से स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। साथ ही राज्य सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत एक समिति गठित कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।