14 साल बाद बड़ा भंगाल पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लेंगे जायजा
Chief Minister Sukhu reaches Bara Bhangal after 14 years
धर्मशाला। Chief Minister Sukhu reaches Bara Bhangal after 14 years, हिमाचल प्रदेश के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में लगभग 14 वर्ष बाद कोई मुख्यमंत्री पहुंचा है। जिला कांगड़ा का यह क्षेत्र बेहद दुर्गम है। यहां पहुंचने के लिए कोई सड़क नहीं है। यहां के लोग पैदल आवागमन करते हैं, जिसमें दो दिन से ज्यादा समय लग जाता है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज से दो दिवसीय बड़ा भंगाल के दौरे पर हैं। यहां मोबाइल नेटवर्क भी नहीं है। सिर्फ सेटेलाइट फोन के माध्यम से ही संवाद होता है।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे बड़ा भंगाल
वह हेलीकाप्टर के माध्यम से गगल एयरपोर्ट से बड़ा भंगाल पहुंचे। वहां से वह पैदल वन विश्राम गृह तक जाएंगे। इसके बाद आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव और मांगों को सुनेंगे। वह अपर बड़ा भंगाल स्थित माईक्रो हाइडल प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण करेंगे।
लोगों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री बड़ा भंगाल में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह सड़क, बिजली, संचार, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। उनका का रात्रि विश्राम वन विश्राम गृह बड़ा भंगाल में निर्धारित है। रविवार सुबह वह हेलीकाप्टर से गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से शिमला के लिए रवाना होंगे।
सीएम सुक्खू का पहला दौरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ा भंगाल का यह उनका पहला दौरा है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि दुर्गम क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं को वहां पहुंचकर समझना भी है। दुर्गम क्षेत्रों की चुनौतियों को सही मायनों में ऐसे ही समझा जा सकता है। फाइलों में दर्ज रिपोर्टों से वास्तविक परिस्थितियों का आकलन संभव नहीं है।
राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा
उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल जैसे दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर लोगों से संवाद करना, उनकी आवश्यकताओं को समझना और यह सुनिश्चित करना प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे। उनका दौरा हाल ही में आपदा से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा और लोगों की समस्याएं सुनने के उद्देश्य से हो रहा है।
लोगों के लिए दौरा अहम
गौरतलब है कि बड़ा भंगाल प्रदेश के सबसे दुर्गम और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है। यहां सड़क संपर्क नहीं होने के कारण अधिकांश समय पैदल या हेलीकाप्टर के माध्यम से ही पहुंचा जा सकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है। उन्हें आपदा के बाद राहत एवं विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। यहां 600 के करीब आबादी है। यहां एक सरकारी स्कूल व एक छोटा अस्पताल भी है।