ग्लोबल वार्मिंग के इस युग में अपनी जड़ों की ओर लौटने का पहला चरण है गौ सेवा - सीएम

First Step to Return to our Roots is Cow Service
-सीएम ने कहा, बीते दस वर्षों से गौ संरक्षण और संवर्धन की ओर प्रदेश सरकार अग्रसर
-प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गोबरधन योजना से बायोगैस संवर्धन के प्रयास तेज
होडल (पलवल)। दयाराम वशिष्ठ : First Step to Return to our Roots is Cow Service: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति की आत्मा है। गो पालन और गोसेवा से ही हमारा ग्राम्य जीवन समृद्ध हुआ है। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व कहा था कि गाय के संरक्षण से ही मानवता का कल्याण संभव है। आज जब दुनिया ग्लोबल वार्मिंग, स्वास्थ्य समस्याओं और नैतिक मूल्यों के क्षरण से जूझ रही है, तब हमें पुन: अपनी जड़ों की ओर लौटने की आवश्यकता है और उस यात्रा का पहला चरण गोसेवा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होडल स्थित गोसेवा धाम अस्पताल के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोसेवा धाम में नई टीन शेड का उद्घाटन करने के साथ-साथ पूरे धाम परिसर का भ्रमण किया। यहां पहुंचने पर गोसेवा धाम की संचालिका देवी चित्रलेखा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अक्षय तृतीया वह तिथि जिसका पुण्य फल कभी क्षीण नहीं होता। इसी प्रकार गोसेवा का पुण्य भी अनंत और अक्षय होता है। हमारी भारतीय सनातन संस्कृति में गाय को मां का स्थान दिया गया है। गोमाता न केवल धार्मिक दृष्टि से पूजनीय हैं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी हमारे जीवन में उसका अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह पावन अवसर न केवल सनातन संस्कृति की महान परंपराओं का उत्सव है, बल्कि जीव मात्र के कल्याण की भावना का भी प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने वल्र्ड संकीर्तन टूर ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह ट्रस्ट गोसेवा और मानव सेवा जैसे महान कार्य कर रहा है। गोसेवा को भी एक जीवंत आंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह गो सेवा धाम सेवा तीर्थ बन गया है। यहां बेजुबान पशुओं की सेवा व इलाज किया जाता है। यहां आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 21 लाख की राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा गौ सेवा धाम अस्पताल की ओर से सौंपे गए मांग पत्र को भी विभागीय प्रक्रिया के माध्यम से पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
बीते दस वर्षों से गौ संरक्षण और संवर्धन की ओर सरकार अग्रसर-सीएम
मुख्यमंत्री ने गौसेवा सुरक्षा और संवर्धन के लिए प्रदेश स्तर पर किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि गौमाता की सुरक्षा के लिए सख्त कानून ‘हरियाणा गौ-वंश संरक्षण व गौसंवर्धन वर्ष 2015 में लागू किया। इस कानून में गौ हत्या करने वाले व्यक्ति को 10 वर्ष तक का कारावास और गौ तस्करी करने पर सात वर्ष तक की कैद का प्रावधान है उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष के बजट में गोशालाओं के लिए 595 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है । वर्ष 2014 तक हरियाणा में 215 पंजीकृत गौशालाओं में केवल 1 लाख 74 हजार गौवंश था। आज राज्य में 683 पंजीकृत गौशालाएं हैं। इनमें 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन-पोषण हो रहा है। मौजूदा सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं को पिछले दस वर्षों में चारे के लिए 270 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। पिछले वित्त वर्ष में 608 गौशालाओं को चारे के लिए 166 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।
गोचराण भूमि गौ माताओं के लिए की समर्पित-
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता बेसहारा न रहे इसके लिए सरकार ने तीन गौ अभ्यारण्य स्थापित किए हैं। इनमें एक गांव नैन( पानीपत) गांव ढंढूर( हिसार) और तीसरा पंचकूला में बनाया गया है। इनमें शैड, पानी व चारे की व्यवस्था की गई है। इनमें लगभग 6,500 बेसहारा गौवंश को आश्रय दिया जा चुका है। इसी तरह लगभग 400 शैड व चारा गोदाम के निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की अनुदान राशि दी है। पंचायतों की गौचराण भूमि गौशालाओं को देने की भी व्यवस्था की है। इससे पंजीकृत गौशालाओं की संख्या बढ़ी है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गोबरधन योजना से बायोगैस संवर्धन के प्रयास तेज
उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की ओर से गोबरधन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत यदि प्रदेश की कोई भी गौशाला बायोगैस संयंत्र लगाना चाहती है तो गौ सेवा आयोग के माध्यम से उसे वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऐसे ही एक संयंत्र का शिलान्यास, पिछले दिनों माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से यमुनानगर में हुआ है। प्रदेश में 331 गौशालाओं में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। भाजपा सरकार ने शेष 344 गौशालाओं में भी सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने पर 90 प्रतिशत अनुदान देने की शुरुआत की है।
प्रदेश सरकार गोवंश के कल्याण और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्यरत : खेल मंत्री गौरव गौतम
हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्यमंत्री गौरव गौतम ने पलवल जिला में पधारने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि गौमाता में भगवान का वास होता है। देवी चित्रलेखा के नेतृत्व में गोसेवा धाम अस्पताल पिछले 12 सालों से निस्वार्थ भाव से घायल, वृद्ध व बीमार गोवशों की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोवंशों के कल्याण और सुरक्षा को लेकर निरंतर योजनाएं बनाकर धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। भविष्य में यह प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, बीजेपी पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ व पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एसडीएम ज्योति मौजूद रहे।