सेक्टर-37 की मार्केट में लगी आग, बड़ा हादसा टला; 4 कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए
Fire breaks out in Sector-37 marke
चंडीगढ़, 12 जुलाई : Fire breaks out in Sector-37 marke, चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित मार्केट के एससीओ-183 में रविवार दोपहर बिजली के बॉक्स में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत की पहली और दूसरी मंजिल की ओर जाने वाली सीढ़ियों में लगी, जिसके कारण ऊपर स्थित वर्कशॉप में काम कर रहे चार कर्मचारी फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सीढ़ी लगाकर चारों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।
एससीओ की ग्राउंड फ्लोर पर कार्यरत भूपिंदर ने बताया कि दोपहर करीब 1:15 बजे सीढ़ियों में लगे बिजली के बॉक्स में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई और सीढ़ियों में घना धुआं भर गया, जिससे कर्मचारी ऊपर ही फंस गए।
इस संबंध में मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश ने बातचीत में बताया कि मार्केट के अन्य व्यापारियों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और बिजली वितरण कंपनी को सूचना दे दी थी। विभागीय टीमें बिना देरी किए मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मार्केट के कर्मचारियों और व्यापारियों के आपसी समन्वय तथा त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने का मुख्य कारण बिजली की तारों का अधिक गर्म होना बताया जा रहा है।