योगी सरकार ने पहली तिमाही में 62,282 करोड़ की 5,551 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
Yogi Government Launches 5,551
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में विकास कार्यों को गति देते हुए 62,282 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 5,551 से ज्यादा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अप्रैल, मई और जून के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर आधारभूत ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन, खेल, शहरी एवं ग्रामीण विकास तथा कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की शुरुआत की।
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के साथ-साथ एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
हर क्षेत्र में विकास को मिली रफ्तार
पहली तिमाही के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क, पुल, मेडिकल कॉलेज, खेल अवसंरचना, औद्योगिक पार्क, नगर विकास, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शुरू की गईं। सरकार ने पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र सहित सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास पर जोर दिया।
गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट रहे प्रमुख उपलब्धियां
इस अवधि की प्रमुख उपलब्धियों में 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले गंगा एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का लोकार्पण शामिल रहा। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति देगा। वहीं जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान भूमि देने वाले किसानों ने पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की।
तकनीकी शिक्षा को मिला बढ़ावा
नई शिक्षा नीति के अनुरूप सरकार ने आधुनिक तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया है। गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की गई, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और 3D प्रिंटिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं मुजफ्फरनगर में सेंटर ऑफ इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड ट्रेनिंग की स्थापना से युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने की पहल की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार
स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार ने ललितपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कई योजनाओं की शुरुआत की गई।
सरकार का दावा है कि इन विकास परियोजनाओं से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।