अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 वर्षीय मासूम, NDRF-सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
-Year-Old Falls into 220-Foot
अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धन्यौड़ा में चार वर्षीय मासूम निरवैर सिंह खेलते समय 220 फुट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद से प्रशासन, एनडीआरएफ और भारतीय सेना की टीमें बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। 
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे निरवैर सिंह अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत पर गया था। वह अपने चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा। हादसे के समय परिजन पास ही मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद गांव के सरपंच और जिला प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, राहत एवं बचाव दल, एनडीआरएफ और भारतीय सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त स्वयं रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। 
रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए भारी खुदाई मशीनें और विशेष बोरिंग उपकरण मौके पर लगाए गए हैं। बच्चे तक पहुंचने के लिए बोरवेल के समानांतर एक गहरा गड्ढा खोदा जा रहा है, जहां से सुरंग बनाकर उसे सुरक्षित निकालने की योजना पर काम किया जा रहा है। मिट्टी धंसने की आशंका को देखते हुए खुदाई बेहद सावधानी से की जा रही है।
बचाव कार्य के दौरान बोरवेल में लगातार हो रहे पानी के रिसाव के कारण रेस्क्यू टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 220 फुट की गहराई पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, हालांकि कैमरे के जरिए बच्चे की निगरानी की जा रही है। कैमरे में बच्चे का एक हाथ दिखाई देने की जानकारी सामने आई है, लेकिन अब तक उससे कोई संपर्क स्थापित नहीं हो सका है। 
प्रशासन ने बोरवेल के भीतर पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की है। मौके पर एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों की विशेष टीम भी तैनात है, जो कैमरे के जरिए बच्चे की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन गहरे सदमे में हैं और बच्चे के सुरक्षित बाहर आने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए घटनास्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं।