Chandigarh Cricketer Nandini Sharma

चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा का 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन

pp

Chandigarh Cricketer Nandini Sharma

यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण में चंडीगढ़ की प्रतिभाशाली क्रिकेटर नंदिनी शर्मा का चयन 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। एशियाई खेलों का आयोजन सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा।

भारतीय महिला टीम इस प्रतियोगिता में गत चैंपियन के रूप में उतरेगी। टीम ने इससे पहले चीन के हांगझोऊ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर 2023 तक आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।

नंदिनी को घरेलू और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। इसी वर्ष उन्होंने भारत-ए टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

नंदिनी ने पंजाब और यूटीसीए दोनों की ओर से बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। उन्होंने सीनियर महिला इंटर-जोनल टूर्नामेंट, महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी और सीनियर महिला वनडे चैलेंजर ट्रॉफी जैसी प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम के साथ उनका जुड़ाव भी उनके क्रिकेट करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक रहा। इस लीग में उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया कि वह विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के बीच भी अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें इंग्लैंड में आयोजित होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में भी जगह मिली।

यूटीसीए के अध्यक्ष सारांश टंडन ने नंदिनी की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा की एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में नंदिनी का चयन चंडीगढ़ और यूटीसीए के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा की नंदिनी ने यह मुकाम अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर  हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगी और क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करती रहेंगी।