Ram Rahim Parole 50 Days Parole Update Rohtak Sunariya Jail

राम रहीम को फिर पैरोल मिली; इतने दिनों के लिए जेल से आ रहा बाहर, AAP सांसद स्वाती मालीवाल ने कहा- ये हरियाणा सरकार की कृपा?

Ram Rahim Parole 50 Days Parole Update Rohtak Sunariya Jail

Ram Rahim Parole 50 Days Parole Update Rohtak Sunariya Jail

Ram Rahim Parole Update: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आएगा। राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दी गई है। बताया जा रहा है कि, जेल से बाहर आने के बाद राम रहीम सीधा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए रवाना होगा। पैरोल के 50 दिन राम रहीम यहीं रहने वाला है। जेल प्रशासन ने राम रहीम को शर्तों के साथ पैरोल दी है। इसमें राम रहीम के लिए नियम तय किए गए हैं। मालूम रहे कि, यौन शोषण और मर्डर जैसे मामलों में राम रहीम को सजा मिली हुई है। वह रोहतक जिले की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।

2017 से अब तक 9 बार पैरोल

राम रहीम को 2017 में सजा सुनाई गई थी और तब से अब तक उसे 9 बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। यानि पिछले चार साल में राम रहीम 9वीं बार जेल से बाहर आ रहा है। वहीं पिछले 24 महीनों में गुरमीत राम रहीम सात बार जेल से बाहर आया है। ऐसे में हरियाणा सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार की कृपा से ही यौन शोषण और मर्डर जैसे मामलों के दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह को फिर से पैरोल मिली है। लोगों ने कहा कि, क़ायदे से अब इसका नाम 'राम रहीम पैरोल' कर देना चाहिए।

स्वाती मालीवाल ने कहा- ये मुद्दा संसद में उठाऊँगी

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल ने गुरमीत राम रहीम की पैरोल पर आपत्ति जताई है। पहले भी स्वाती मालीवाल राम रहीम को लेकर सवाल खड़े कर चुकी हैं। स्वाती मालीवाल ने कहा कि एक बार फिर गुरमीत राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दे दी गई। हरियाणा सरकार चोरी छिपे इसको संरक्षण दे रही है? सिर्फ़ चंद वोट बटोरने के लिए पूरे देश की बेटियों को कुएँ में धकेलने को उतारू है सरकार? स्वाती ने आगे कहा कि जिस वक्त नारी के सम्मान के लिए युद्ध करने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरा देश कर रहा है उस समय इस बलात्कारी-हत्यारे को आज़ाद किया जा रहा है। ये मुद्दा संसद में उठाऊँगी…

वहीं समाज सेविका और पीड़ित महिलाओं की लड़ाई लड़ने वाली योगिता भयाना ने कहा कि एक बार फिर बलात्कार और हत्या के दोषी गुरमीत राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दे दी गई है, क्या सरकार चोरी छिपे इसको संरक्षण दे रही है ?? पिछले 2 साल के भीतर ही राम रहीम को 7वीं बार पैरोल दे दी गई! फिर कैसे बलात्कार की घटनाओं पर रोक लगाया जाएगा???

साध्वियों से यौन शोषण, दो मर्डर

बतादें कि, राम रहीम को एक नहीं तीन-तीन मामलों में में सजा मिली हुई है। सबसे पहले 2017 में राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण मामले में राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई। इसके बाद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और इसके बाद रणजीत सिंह हत्याकांड में फैसला आया। इसमें भी राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। बतादें कि, तीनों ही मामलोँ में पंचकूला में सीबीआई की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया है।