Chaos in Delhi Ahead of Parliament Session

संसद सत्र के पहले दिन दिल्ली में बवाल, 'संसद चलो' मार्च पर लाठीचार्ज, जंतर-मंतर बना रणक्षेत्र

jantar

Chaos in Delhi Ahead of Parliament Session

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन राजधानी दिल्ली में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के 'संसद चलो' मार्च को रोकने के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे जंतर-मंतर का इलाका कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में बदल गया। संसद सत्र के मद्देनजर नई दिल्ली जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं।

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि इस विरोध मार्च के लिए दिल्ली पुलिस से न तो अनुमति मांगी गई थी और न ही किसी प्रकार की मंजूरी दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली के वीआईपी क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है, जिसके तहत जंतर-मंतर के निर्धारित क्षेत्र के बाहर पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।