पंजाब में मीटर रीडरों की हड़ताल का असर, अब स्पीड पोस्ट से भेजे जाएंगे बिजली बिल
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
Punjab Power Bills to Be Sent
चंडीगढ़: पंजाब में मीटर रीडरों की हड़ताल के बीच बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने फैसला लिया है कि अब राज्यभर के बिजली बिल स्पीड पोस्ट के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। इस निर्णय से करीब 10.5 लाख बिजली उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
पीएसपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता के बिल पर ‘N Code’ अंकित है, बिल सामान्य से अधिक राशि का है या एक साथ कई महीनों का बिल जारी हुआ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ‘N Code’ का अर्थ है कि मीटर की वास्तविक रीडिंग नहीं ली जा सकी और पिछली खपत के आधार पर अनुमानित बिल जारी किया गया है। यह अंतिम बिल नहीं माना जाएगा।
विभाग के अनुसार, जैसे ही मीटर की वास्तविक रीडिंग ली जाएगी, उसी आधार पर बिल का पूरा समायोजन किया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता ने अनुमानित बिल के आधार पर अधिक भुगतान कर दिया है, तो अतिरिक्त राशि अगले बिल में समायोजित कर दी जाएगी। वहीं, यदि कम भुगतान हुआ है तो शेष राशि बाद के बिल में जोड़ दी जाएगी।
गौरतलब है कि पंजाब में आउटसोर्स मीटर रीडर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों में मीटर रीडिंग का काम प्रभावित हुआ है, जिसके कारण विभाग को अनुमानित बिजली बिल जारी करने पड़े हैं। फिलहाल हड़ताल समाप्त होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।