पंजाब में 3 दिन थमेंगी सरकारी बसें, 3 से 5 अगस्त तक रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का ऐलान
- By Gaurav --
- Monday, 20 Jul, 2026
Punjab Government Bus Services to
चंडीगढ़। पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने 3, 4 और 5 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान राज्यभर में सरकारी बस सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।
लुधियाना में यूनियन की बैठक राज्य अध्यक्ष रेशम सिंह गिल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम खत्म करने और पूरा वेतन देने का वादा किया था, लेकिन चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यूनियन के राज्य महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लों, संयुक्त सचिव जोध सिंह, जलौर सिंह और जतिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों पर स्पेशल कैडर पॉलिसी को जबरन लागू करने का प्रयास कर रही है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो 27 जुलाई को प्रदेश के सभी डिपो पर गेट रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 3, 4 और 5 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल के साथ परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि इन तिथियों में यात्रा की योजना बनाने से पहले बस सेवाओं की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, क्योंकि सरकारी परिवहन सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हो सकती हैं।