पंजाब के फिरोजपुर में भयावह हादसा, 9 लोगों की मौत; तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पिकअप के चीथड़े उड़े, कई घायल, मचा कोहराम
Punjab Firozpur Horrific Accident Nine People Died and Many Injured
Firozpur Horrific Accident: पंजाब में लगातार दूसरे दिन एक और भीषण सड़क हादसा हुआ है। शनिवार सुबह फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक और महिंद्रा पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की इस हादसे में पिकअप के चीथड़े उड़ गए और 9 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 15 के करीब लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं 9 लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शव अपने कब्जे में ले लिए हैं। ज्ञात रहे एक दिन पहले बीते शुक्रवार को गुरदासपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ था। जिसमें माता वैष्णो देवी धाम से लौट रहे 2 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार
बताया जाता है कि एक परिवार अपने एक सदस्य की अस्थियां विसर्जित करने अपने रिश्तेदारों को साथ लेकर जलालाबाद से ब्यास जाने को निकला था। इस बीच अचानक जंगा वाला मोड़ के पास बड़ा हादसा हो गया। आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। ट्रक तेज रफ्तार में था और उसने अनियंत्रित होकर सामने से महिंद्रा पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए पिकअप में दबे और फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की।
मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर ही कुछ लोगों की मौत हो गई थी। जबकि कुछ घायल अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ गए। वहीं अभी जो लोग घायल हैं। उनमें बच्चे भी शामिल हैं। जिन घायलों की हालत चिंताजनक और गंभीर बनी हुई है उनको अन्य अस्पताल में रेफर किया जा रहा है। इधर हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम के साथ एसएसपी फिरोजपुर सरदार भूपिंदर सिंह सिद्धू ने भी मौके का जायजा लिया है। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में जाकर घायल हुए व्यक्तियों का हाल-चाल जाना है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। किसकी गलती थी। यह पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।