2026 में ही रिलीज होगी 'मातृभूमि', सलमान खान की फिल्म पर मेकर्स ने दिया सबसे बड़ा अपडेट

1200-675-27191791--thumbnail-16x9-pepe

Maatrubhumi To Release In 2026

हैदराबाद: Maatrubhumi To Release In 2026: सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म मातृभूमि को लेकर एक नई खबर आई है. फिल्म की रिलीज में देरी हो रही है और फिल्म निर्माताओं ने आज 20 जुलाई को फिल्म का एक नया पोस्टर जारी किया है, जिससे पुष्टि हो गई है कि फिल्म 2026 में रिलीज होगी.

इस ऐलान से उन सलमान खान के फैंस को बड़ी राहत मिली है, जो इस प्रोजेक्ट के बारे में खबर का इंतजार कर रहे थे. हालांकि, पोस्टर से निर्देशक का नाम गायब होने से लोगों में उत्सुकता भी जाग उठी है. पोस्टर पर सिर्फ इतना लिखा है, 'सलमान खान फिल्म्स की एक फिल्म'.

अप्रैल में, सलमान खान की गलवान घाटी संघर्ष से प्रेरित युद्ध पर बेस्ड फिल्म का नाम बदल दिया गया. फिल्म का नाम बैटल ऑफ गलवान से बदलकर मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस कर दिया गया. अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक तौर पर नया शीर्षक और पोस्टर जारी किया है.

इस ऐलान में फिल्म का मुख्य संदेश भी शामिल था, 'युद्ध को शांति मिले'. तस्वीर में सलमान खून से लथपथ लकड़ी के लट्ठे के पीछे से झांकते हुए दिखाई दे रहे थे, जो कांटेदार जंजीरों से लिपटा हुआ था.

अपूर्वा लखिया द्वारा निर्देशित, 'मातृभूमि' 15 जून, 2020 को गलवान घाटी में हुए संघर्ष से प्रेरित है, जहां भारतीय सैनिकों और चीनी सैनिकों के बीच एलएसी पर भीषण झड़प हुई थी. इस संघर्ष में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे और यह हाल के दशकों में भारत और चीन के बीच सबसे भीषण सैन्य संघर्षों में से एक बन गया.

सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाने जा रहे हैं, जिन्होंने सीमा पर सैनिकों की वापसी के दौरान अपने जवानों का लीड किया था.

सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य अभिनेत्री के रोल में नजर आएंगी, जबकि अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है.

अब देखना होगा कि मेकर्स फिल्म की रिलीज डेट का कब और किस दिन एलान करते हैं. सलमान के फैंस को अब फिल्म की रिलीज डेट का इंतजार और भी ज्यादा रहने वाला है.