खाकी की आड़ में छिप रही कायर सत्ता, तानाशाही के आगे झुकेंगे नहीं: प्रियंका मनोज अग्रवाल

खाकी की आड़ में छिप रही कायर सत्ता, तानाशाही के आगे झुकेंगे नहीं: प्रियंका मनोज अग्रवाल

A cowardly regime is hiding behind the khaki uniform

A cowardly regime is hiding behind the khaki uniform

​महिला कांग्रेस के 'संसद घेराव' से डरी भाजपा सरकार ने प्रदेश महासचिव प्रियंका अग्रवाल को तड़के 5 बजे किया 'हाउस अरेस्ट'

फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के आह्वान पर मंगलवार को दिल्ली में आयोजित विशाल 'संसद घेराव' आंदोलन में शामिल होने जा रहीं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं बल्लभगढ़ की पीसीसी डेलिगेट श्रीमती प्रियंका मनोज अग्रवाल को आज सुबह 'हाउस अरेस्ट' कर लिया गया। प्रियंका अग्रवाल को दिल्ली जाने से रोकने के लिए तड़के 5 बजे से ही सेक्टर-02 स्थित उनके निवास पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ भारी पुलिस बल और गाड़ियों की तैनाती कर दी गई। प्रशासन की इस दमनकारी कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की तानाशाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपना कड़ा रोष जताया।

पुलिसिया घेराबंदी और हाउस अरेस्ट के बीच अपने बयान में प्रियंका मनोज अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं के साथ लगातार छल और झूठ की राजनीति कर रही है। आज देश की आधी आबादी अपना हक मांग रही है, लेकिन भाजपा की नीयत कभी महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार देने की नहीं रही। हमारी स्पष्ट मांग है कि महिलाओं को जुमले देना बंद करके महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। इसी न्याय की मांग को लेकर आज अलका लांबा जी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस जंतर-मंतर से संसद घेराव के लिए कूच कर रही है, जिससे केंद्र की भाजपा सरकार बुरी तरह घबराई हुई है।

उन्होंने NEET पेपर लीक मामले और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस बर्बरता पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक की वजह से लाखों होनहार बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब चुका है। कल जंतर-मंतर पर लोकतंत्र का काला दिन देखने को मिला, जहां शांतिपूर्वक अपने हक की आवाज उठाने गए मासूम छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां भांजीं। मोदी सरकार इतनी डरी और बौखलाई हुई है कि अपने एक भ्रष्ट मंत्री को बचाने के लिए देश के मासूम बच्चों को खून से लहूलुहान करवा रही है। हक मांगने पर युवाओं और छात्रों पर डंडे बरसाना इस तानाशाह सरकार के अंत की शुरुआत है।

प्रियंका मनोज अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा कि हम हरियाणा की भावी मुख्यमंत्री कुमारी सैलजा जी के सच्चे सिपाही हैं। कुमारी सैलजा जी के मार्गदर्शन और अलका लांबा जी के नेतृत्व में जनता के हक की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी। खाकी के पीछे छिपने वाली यह कायर सत्ता भूल रही है कि पुलिस के पहरे सिर्फ रास्ते रोक सकते हैं, हमारे संघर्ष के इरादों को कैद नहीं कर सकते। भाजपा सरकार जितने चाहे पहरे और पाबंदियां लगा ले, हमारे इंकलाबी हौसलों को तोड़ नहीं सकती। तुम जितना दबाओगे, जनता और युवाओं की आवाज उतनी ही बुलंद होगी।