NEET पेपर लीक पर PM मोदी सख्त, बोले- दोषियों को मिले कड़ी सजा; परीक्षा प्रणाली को बनाएं पूरी तरह सुरक्षित
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
PM Modi Calls NEET Paper Leak
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में NEET-UG 2026 पेपर लीक को गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक देश के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी विशेषज्ञों की सलाह लेकर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए तथा जहां भी ऐसी घटनाएं हों, वहां केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों, विभिन्न देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और नए राज्यसभा सांसदों के स्वागत का भी उल्लेख किया। रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
रिजिजू ने बैठक को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को कई महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया और सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराया।