Farmers Call Off Delhi March After Haryana

शंभू बॉर्डर पर किसानों की दो मांगें मानी गईं, कृषि मंत्री श्याम राणा के आश्वासन के बाद टला दिल्ली कूच

shambu

Farmers Call Off Delhi March After Haryana

अंबाला। शंभू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के बीच हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों से मुलाकात कर उनकी दो प्रमुख मांगों पर सहमति जताई। इसके बाद किसानों ने फिलहाल दिल्ली कूच स्थगित करने और शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ने का फैसला लिया।

बैठक के बाद किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि कृषि मंत्री ने गिरफ्तार किसान नेताओं और प्रदर्शनकारियों की रिहाई का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसानों की बातचीत कराने का भरोसा भी दिया है।

पंधेर ने कहा कि किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत हिरासत में लिए गए अन्य किसानों की रिहाई की मांग स्वीकार कर ली गई है। अब किसान संगठन अपने वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। फिलहाल किसानों ने शंभू बॉर्डर से आगे न बढ़ने और दिल्ली न जाने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि भारत-अमेरिका के प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) के विरोध में किसान संगठनों ने दिल्ली के किसान घाट तक मार्च का ऐलान किया था। इसे देखते हुए हरियाणा-पंजाब सीमा पर स्थित शंभू टोल प्लाजा पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी और कई स्थानों पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।

किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को शामिल किए जाने से सस्ते विदेशी उत्पाद भारतीय बाजार में आ सकते हैं, जिससे छोटे और सीमांत किसानों की आय और आजीविका प्रभावित होगी। किसानों ने केंद्र सरकार से इस प्रस्तावित समझौते पर पुनर्विचार करने की मांग की है।