मॉनसून सत्र पर मायावती की सरकार को नसीहत, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं को रोजगार देने की मांग
- By Gaurav --
- Monday, 20 Jul, 2026
Mayawati Urges Government to Act on
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत पर केंद्र सरकार से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों में संसद से लेकर सड़कों तक टकराव की स्थिति से बचते हुए जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में मायावती ने मेडिकल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से युवाओं में गहरा असंतोष और निराशा पैदा हुई है। उन्होंने सरकार से दोषियों के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
बसपा प्रमुख ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव के कारण आम परिवारों को निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक सरकारी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों की प्रगति में बाधा बनने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता बताई।
मायावती ने कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। साथ ही शिक्षा क्षेत्र के लिए पर्याप्त बजट और बेहतर नीतियों की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर समय रहते गंभीर कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का असंतोष बढ़ेगा और देशभर में आंदोलन तेज हो सकते हैं।