Major Rule Changes From July

1 जुलाई से बदल जाएंगे कई बड़े नियम, LPG, पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड और कारों की कीमतों पर पड़ेगा असर

lpg

Major Rule Changes From July

नई दिल्ली: 1 जुलाई से नए महीने की शुरुआत के साथ देशभर में वित्तीय, परिवहन और सरकारी सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। आइए जानते हैं प्रमुख बदलावों के बारे में—

1. LPG और PNG उपभोक्ताओं के लिए नया नियम
जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी (LPG) और पीएनजी (PNG) दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर एक कनेक्शन का नियम पूरा करना होगा। वहीं, जिन उपभोक्ताओं ने केवाईसी (KYC) पूरी नहीं की है, उन्हें गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में दिक्कत आ सकती है।

2. गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत की उम्मीद
मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और कच्चे तेल की आपूर्ति सामान्य होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती कर सकती है। साथ ही ट्रांसपोर्ट कंपनियों और फैक्ट्रियों के लिए रिटेल पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने पर लगी अस्थायी पाबंदियां भी हटा दी गई हैं।

3. आधार में ईमेल अपडेट होगा मुफ्त
1 जुलाई से भारतीय नागरिक आधार कार्ड में अपना ईमेल आईडी बिना किसी शुल्क के अपडेट करा सकेंगे। पहले इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था।

4. पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
1 जुलाई से नया पासपोर्ट बनवाने और पुराने पासपोर्ट के नवीनीकरण की फीस बढ़ सकती है, जिससे आवेदकों को पहले के मुकाबले अधिक राशि चुकानी होगी।

5. ITR दाखिल करने की बढ़ी समय सीमा
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ITR-1 और ITR-2 दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। इसके बाद आयकर रिटर्न दाखिल करने पर नियमानुसार जुर्माना देना पड़ सकता है।

6. SBI और HDFC क्रेडिट कार्ड के नियम बदलेंगे
1 जुलाई से SBI और HDFC बैंक के कुछ क्रेडिट कार्ड लेन-देन पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स नहीं मिलेंगे। वहीं HDFC बैंक के कार्डधारक अब प्रत्येक तिमाही में केवल तीन बार ही मुफ्त डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

7. कार खरीदना हो सकता है महंगा
किआ और टाटा मोटर्स समेत कई ऑटो कंपनियां 1 जुलाई से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही हैं, जिससे नई कार खरीदना महंगा हो सकता है।

8. रेलवे के नियम होंगे सख्त
बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नए नियम लागू किए जाएंगे।

9. दिल्ली में लागू होगी नई EV पॉलिसी
दिल्ली सरकार 1 जुलाई से नई ईवी (EV) पॉलिसी लागू करेगी। इस योजना के तहत अगले चार वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 15,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे प्रदूषण कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।